लखनऊ में 23 नवंबर से शुरू होगा जनजातीय संस्कृति उत्सव:यूपी दर्शन पार्क में 12 राज्यों के 500 से ज्यादा कलाकार जुटेंगे; सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे

Nov 19, 2026 - 23:18
0
लखनऊ में 23 नवंबर से शुरू होगा जनजातीय संस्कृति उत्सव:यूपी दर्शन पार्क में 12 राज्यों के 500 से ज्यादा कलाकार जुटेंगे;  सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे
लखनऊ के गोमतीनगर स्थित यूपी दर्शन पार्क में 23 से 26 नवंबर तक जनजातीय संस्कृति, लोककला और परंपराओं की झलक देखने को मिलेगी। लोक नायक बिरसा मुंडा की जयंती के अवसर पर जनजातीय गौरव पखवाड़ा और अंतरराष्ट्रीय जनजातीय भागीदारी उत्सव का आयोजन किया जाएगा। इसमें 12 राज्यों के 500 से अधिक कलाकार पारंपरिक नृत्य, संगीत और वाद्ययंत्रों के जरिए अपनी संस्कृति से रूबरू कराएंगे। आयोजन में प्रवेश पूरी तरह नि:शुल्क रहेगा। गुरुवार को लोकभवन में प्रेस कॉन्फ्रेंस में पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने बताया कि उत्सव का शुभारंभ 23 नवंबर को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे। इसी दिन 1090 चौराहे से सांस्कृतिक समागम यात्रा निकाली जाएगी। इसमें विभिन्न राज्यों के 250 कलाकार अपनी प्रस्तुतियां देंगे। वहीं, 25 और 26 नवंबर को कजाकिस्तान, जिम्बाब्वे और मालदीव के कलाकार भी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे। 70 स्टॉल पर दिखेगी हस्तशिल्प की कला महाराष्ट्र, सिक्किम, ओडिशा, राजस्थान, छत्तीसगढ़, मध्य प्रदेश, बिहार, उत्तराखंड, पश्चिम बंगाल, असम, झारखंड और उत्तर प्रदेश के कलाकार उत्सव में शामिल होंगे। यहां 70 से अधिक हस्तशिल्प स्टॉल लगाए जाएंगे। इनमें जनजातीय कला और शिल्प की विविधता देखने को मिलेगी। इसके साथ ही 'जेवनार' और 'देशी स्वाद' नाम से व्यंजन मेले का आयोजन होगा, जहां अलग-अलग क्षेत्रों के पारंपरिक पकवानों का स्वाद चखने का मौका मिलेगा। नाटक और संगोष्ठियों से जानेंगे विरासत उत्सव में 'धरती आबा' नाटक का मंचन भी किया जाएगा। इसके अलावा जनजातीय समाज के उत्थान, विकास और उसकी सांस्कृतिक विरासत पर संगोष्ठियां होंगी। जनजातीय साहित्य को बढ़ावा देने के लिए भोपाल के जनजातीय संग्रहालय और जनजातीय लोककला एवं बोली विकास अकादमी समेत अन्य प्रकाशनों के स्टॉल लगाए जाएंगे। मंत्री ने कहा कि आयोजन का उद्देश्य जनजातीय समुदाय के रहन-सहन, संस्कृति, विविधता और समृद्ध विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाना है। शिल्प मेला प्रतिदिन सुबह 11 बजे से और सांस्कृतिक कार्यक्रम शाम 5 बजे से शुरू होंगे। आयोजन रात 9 बजे तक चलेगा। इसका आयोजन उत्तर प्रदेश लोक एवं जनजाति संस्कृति संस्थान, जनजाति विकास विभाग, ट्राइबल रिसर्च इंस्टीट्यूट, समाज कल्याण विभाग और पर्यटन एवं संस्कृति विभाग संयुक्त रूप से कर रहे हैं।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User