जेल में भी कायम रहेगी भाई-बहन के प्यार की परंपरा:भैया दूज पर बहनें करेंगी भाइयों का तिलक, जेल प्रशासन ने की विशेष व्यवस्था
भाई-बहन के प्रेम और विश्वास का पर्व भैया दूज जेल की सलाखों के बीच भी मनाया जाएगा। मेरठ जिला जेल में बंद भाइयों के माथे पर बहनें तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना करेंगी। जेल प्रशासन ने त्योहार को देखते हुए विशेष व्यवस्था की है, ताकि बंदियों की बहनें उनसे मुलाकात कर परंपरा निभा सकें। इसके लिए मुलाकात व्यवस्था को व्यवस्थित रखने और भीड़ को नियंत्रित करने की तैयारी की गई है। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ. वीरेश राज शर्मा ने बताया कि सुबह 6 बजे से पर्ची बननी शुरू हो जाएगी। इसके बाद 8 बजे से बहने जेल के भीतर अपने भाइयों का तिलक कर सकेंगी। भैया दूज का पर्व भाई-बहन के अटूट रिश्ते का प्रतीक है। इस दिन बहनें भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी सुख-समृद्धि और लंबी उम्र की कामना करती हैं। वहीं भाई बहनों को रक्षा का वचन देते हैं। जेल में बंद बंदियों के लिए यह पर्व भावनात्मक रूप से काफी महत्वपूर्ण होता है। परिवार से दूर रहने वाले बंदियों को इस दिन बहनों से मिलने का अवसर मिलता है तो उनके चेहरे पर भी खुशी दिखाई देती है। सुबह 6 बजे से बनने लगेगी मुलाक़ात पर्ची
जेल प्रशासन की ओर से मुलाकात के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाएगा। बहनों को निर्धारित प्रक्रिया के तहत जेल में प्रवेश दिया जाएगा।
सुबह 6 बजे से पर्ची बननी शुरू हो जाएगी। मुलाकात के दौरान प्रतिबंधित वस्तुओं को अंदर ले जाने की अनुमति नहीं होगी। जेलकर्मी पूरे परिसर में निगरानी रखेंगे, जिससे त्योहार के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो। 8:00 बजे से शुरू हो जाएगा तिलक
भैया दूज को देखते हुए अतिरिक्त ड्यूटी लगाई गई हैं। जेल की तरफ आने वाले रास्ते पर पुलिस तैनात रहेगी। इसके अलावा जेल की भीतर प्रवेश करने वाले की अच्छी तरह तलाशी के बाद ही प्रवेश मिलेगा। ठीक 8:00 बजे जेल के भीतर तिलक शुरू हो जाएगा। जेल तक आने वाले हर भाई और बहन को तिलक का अधिकार दिया जाएगा। समाज की मुख्य धारा से जोड़ने का प्रयास
जेल में त्योहार मनाने की यह परंपरा बंदियों को परिवार से भावनात्मक रूप से जोड़े रखने का भी माध्यम है। भैया दूज पर बहनों के हाथों से तिलक लगवाना उन बंदियों के लिए खास होगा, जो लंबे समय से अपने परिवार से दूर हैं। जेल की चारदीवारी के भीतर भी भाई-बहन के रिश्ते की मिठास और परंपरा बरकरार रहेगी। हर बहन-भाई को मिलेगा मुलाकात का मौका
वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉ वीरेश राज शर्मा ने बताया कि हर बहन जेल की सलाखों के पीछे बंद अपने भाई का तिलक कर सकेंगी। सीसीटीवी कैमरों की निगरानी रहेगी। जेल के भीतर अगर बहन और भाई दोनों बंद है तो वह भी तिलक कर सकेंगे। जेल में बंद बहनों से तिलक कराने आ रहे भाइयों को सबसे आखिर में मौका मिलेगा।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)