दो ट्रेनों में यात्रियों के बैग और आईफोन चोरी:बुजुर्ग के 8 हजार रुपए और दवाइयां ले गए चोर; महिला का 40 हजार का फोन गायब
ललितपुर-झांसी रेल मार्ग पर दो ट्रेनों में यात्रियों का सामान चोरी होने के मामले सामने आए हैं। पठानकोट एक्सप्रेस में सफर कर रहे बुजुर्ग का नकदी और दवाइयों से भरा बैग चोरी हो गया, जबकि दिल्ली-पांडुचेरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में एक महिला का आईफोन चोरी हुआ। दोनों घटनाएं सितंबर और अक्टूबर की हैं। जीआरपी ललितपुर ने 19 नवंबर को दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज की है। पहली घटना 30 सितंबर 2026 की सुबह करीब 6:50 बजे की है। हरियाणा के ग्राम उमुगोल निवासी मलकित सिंह पुत्र महेन्द्र सिंह ट्रेन नंबर 11058 पठानकोट एक्सप्रेस के कोच एम-6 की सीट नंबर 6 पर करनाल से इटारसी जा रहे थे। ट्रेन ललितपुर रेलवे स्टेशन पहुंची तो उन्होंने अपना नीले-हरे रंग का हैंडबैग सीट के नीचे रखा और बाथरूम चले गए। लौटने पर बैग गायब था और ट्रेन आगे बढ़ चुकी थी। बैग में 500-500 रुपए के नोटों में कुल 8 हजार रुपए, तीन जोड़ी कपड़े और जरूरी दवाइयां थीं। चोरी गए सामान की कीमत करीब 10 हजार रुपए बताई गई है। उनकी शिकायत पर पहले शून्य एफआईआर दर्ज हुई, जिसके बाद मामला जीआरपी ललितपुर भेजा गया। यहां 19 नवंबर को शाम 4:08 बजे एफआईआर दर्ज की गई। महिला का 40 हजार रुपए का आईफोन चोरी दूसरी घटना 5 अक्टूबर की सुबह करीब 6 बजे ट्रेन नंबर 22404 दिल्ली-पांडुचेरी सुपरफास्ट एक्सप्रेस में हुई। मध्य प्रदेश के भोपाल स्थित चाणक्यपुरी, जेके रोड, अयोध्या नगर निवासी रेखा मेहानी अपने पति संजय मेहानी के साथ नई दिल्ली से भोपाल जा रही थीं। वह फर्स्ट एसी कोच ए-1 की बर्थ नंबर 39 पर थीं। ट्रेन ललितपुर स्टेशन से आगे निकली तो सीट पर रखा उनका मोबाइल फोन गायब मिला। कोच में तलाश करने के बाद भी फोन नहीं मिला। चोरी हुआ फोन गुलाबी रंग का आईफोन-15 था, जिसमें एयरटेल कंपनी का सिम लगा था। इसकी कीमत करीब 40 हजार रुपए बताई गई है। जीआरपी ने 19 नवंबर को दोपहर 3:19 बजे इस मामले में एफआईआर दर्ज की। जीआरपी ने शुरू की दोनों मामलों की जांच जीआरपी थानाध्यक्ष दिनेश सिंह परिहार ने बताया कि यात्रियों का सामान चोरी होने के दोनों मामलों में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)