दो स्कॉर्पियो की टक्कर के बाद युवक को गोली लगी:स्कॉर्पियो सवारों का पीछा कर रहा था, पुलिस जांच में जुटी
देवरिया के गोरखपुर रोड पर शनिवार रात करीब 3 बजे दो स्कॉर्पियो के बीच रगड़ लगने के बाद विवाद हो गया। आरोप है कि दूसरी स्कॉर्पियो में सवार एक युवक ने पिस्टल से गोली चला दी। गोली रामगुलाम टोला निवासी देव सिंह राजा के पेट में नाभि के पास लगी। वह गंभीर रूप से घायल हो गए। साथी उन्हें महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज ले गए। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर किया। फिलहाल उनका इलाज गोरखपुर के एक निजी मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। स्कॉर्पियो में रगड़ लगने के बाद हुआ विवाद सदर कोतवाली क्षेत्र के रामगुलाम टोला में देव सिंह राजा (26) रहते हैं। वह नीरज सिंह उर्फ दंगल सिंह के पुत्र हैं। जानकारी के मुताबिक, शनिवार रात करीब 3 बजे वह पांच साथियों के साथ चाचा को लेने रेलवे स्टेशन गए थे। लौटते समय गोरखपुर रोड पर उनकी स्कॉर्पियो दूसरी स्कॉर्पियो से रगड़ गई। इस बात पर दोनों गाड़ियों में सवार लोगों के बीच कहासुनी हुई। विवाद बढ़ने पर राजा ने अपनी स्कॉर्पियो से दूसरी गाड़ी का पीछा किया। इसी दौरान उनकी गाड़ी बेकाबू होकर सड़क किनारे नाले में चली गई। पिस्टल से गोली मारने का आरोप आरोप है कि तभी दूसरी स्कॉर्पियो में सवार एक युवक ने पिस्टल निकालकर राजा पर गोली चला दी। गोली लगने से वह सड़क पर गिर पड़े। उनके साथियों ने उन्हें अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल शशि भूषण राय ने बताया कि एक युवक को गोली लगी थी और उसे मेडिकल कॉलेज से गोरखपुर रेफर किया गया है। मामले की जांच की जा रही है। पुलिस घटना के कारणों और गोली चलाने वाले युवक की पहचान के बारे में जानकारी जुटा रही है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)