8 साल की बच्ची की हत्या का आरोपी फरार:बुलंदशहर में बच्ची की हत्या के बाद परिजनों ने सड़क जाम कर किया हंगामा
बुलंदशहर की सिकंदराबाद कोतवाली क्षेत्र की तेज सिंह कॉलोनी में एक 8 साल की मासूम बच्ची की अपहरण के बाद निर्मम हत्या का सनसनीखेज मामले में परिजनों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार रात बच्ची का शव घर से कुछ ही दूरी पर स्थित जंगल से बरामद हुआ। इस जघन्य वारदात से पूरे क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है। रविवार को गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने आरोपी की तत्काल गिरफ्तारी की मांग को लेकर सड़क जाम करने का प्रयास किया, लेकिन मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों को समझा-बुझाकर शांत कराया और यातायात सुचारू करवाया। यह घटना औद्योगिक क्षेत्र चौकी के अंतर्गत घटी, जहां 8 साल की बच्ची अचानक संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गई थी। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने खोजबीन शुरू की, जिसके बाद जंगल से मासूम का क्षत-विक्षत शव मिला। शव की स्थिति को देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि अपहरण के बाद बच्ची के साथ दुष्कर्म किया गया और साक्ष्य छिपाने की नीयत से उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की जांच में पुलिस के हाथ बेहद चौंकाने वाले सुराग लगे हैं। हत्या का मुख्य आरोपी बंदायू निवासी राजू पीड़ित परिवार के घर में ही अपनी पत्नी के साथ किराएदार के रूप में रह रहा था। इतना ही नहीं, वह बच्ची के पिता के साथ ही एक जगह काम भी करता था। वारदात को अंजाम देने के बाद से आरोपी अपनी पत्नी समेत मकान खाली कर फरार है। परिचित होने के कारण ही आरोपी मासूम को आसानी से अपने साथ ले जाने में कामयाब रहा। घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। एसपी सिटी अभिषेक प्रताप ने बताया कि मामला अत्यंत गंभीर है और जांच के लिए पुलिस व एसओजी की कई टीमें गठित कर दी गई हैं। फरार आरोपी राजू की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने आश्वासन दिया है कि आरोपी को जल्द से जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)