दामाद की हत्या में पत्नी और ससुर गिरफ्तार:कानपुर देहात में ईंट और सिलबट्टे से किया था हमला, 14 घंटे पड़ा रहा था शव

Nov 11, 2026 - 21:18
0
दामाद की हत्या में पत्नी और ससुर गिरफ्तार:कानपुर देहात में ईंट और सिलबट्टे से किया था हमला, 14 घंटे पड़ा रहा था शव
कानपुर देहात में दिवाली की रात दामाद की हत्या के मामले में पुलिस ने बुधवार को उसकी पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने विवाद के दौरान दामाद के सिर और चेहरे पर हमला किया था। गंभीर चोट लगने से उसकी मौत हो गई थी। वारदात के बाद घायल को अस्पताल ले जाने के बजाय परिवार के लोग सोने चले गए थे। सुबह उसका शव घर में मिला था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल सिलबट्टा भी बरामद किया है। पत्नी को घर ले जाने की जिद पर हुआ था विवाद मामला अकबरपुर कोतवाली क्षेत्र के कमीर गांव का है। यहां रहने वाले शिवनारायण की बेटी सुनीता की शादी करीब 15 साल पहले अजय कश्यप उर्फ रिंकू से हुई थी। दोनों के चार बच्चे हैं। जानकारी के मुताबिक, आठ नवंबर की रात करीब 10 बजे रिंकू पत्नी को लेने ससुराल पहुंचा था। परिवार के लोग खाना खा रहे थे। इसी दौरान रिंकू ने पत्नी से अगली सुबह अपने साथ घर चलने की बात कही। बताया जा रहा है कि रिंकू नशे में भी था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद बढ़ने पर रिंकू की अपने ससुर शिवनारायण से भी हाथापाई होने लगी। ससुर ने ईंट और पत्नी ने सिलबट्टे से किया हमला पुलिस पूछताछ के मुताबिक, हाथापाई के दौरान रिंकू ने अपने ससुर शिवनारायण को जमीन पर गिराकर दबा लिया। खुद को बचाने के लिए शिवनारायण ने पास में पड़ी ईंट उठाकर रिंकू के चेहरे पर मार दी। इसी बीच सुनीता ने अपने पिता को बचाने के लिए पास में रखा सिलबट्टा उठाया और रिंकू के सिर पर वार कर दिया। सिर से खून निकलने लगा और रिंकू बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ा। पूछताछ में पिता और बेटी ने हमला करने की बात स्वीकार की, लेकिन उनका कहना है कि रिंकू को मारने का इरादा नहीं था। 14 घंटे घर में पड़ा रहा शव, सुबह हुई जानकारी सिर में गंभीर चोट लगने के बावजूद रिंकू को अस्पताल नहीं ले जाया गया। आरोपियों के मुताबिक, उन्हें लगा कि उसे मामूली चोट आई है और कुछ देर में होश आ जाएगा। इसके बाद परिवार के लोग सोने चले गए। सुबह रिंकू की मौत का पता चला। इसके बाद पिता-पुत्री ने वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टे को खेत में पड़ी पराली के नीचे छिपा दिया। घटना के करीब 14 घंटे बाद शिवनारायण सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी जानकारी दी। भाई की तहरीर पर FIR, एक अन्य आरोपी की तलाश मृतक के भाई मनोज की तहरीर पर नौ नवंबर को अकबरपुर थाने में गैर इरादतन हत्या और मारपीट की धाराओं में FIR दर्ज की गई थी। बुधवार 11 नवंबर को पुलिस ने शिवनारायण और सुनीता को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल सिलबट्टा भी बरामद किया गया। दोनों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया। मामले में नामजद एक अन्य महिला आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। चार बच्चों के सिर से उठा पिता का साया रिंकू के चार बच्चे हैं। पिता की मौत और मां के जेल जाने से बच्चों के सामने मुश्किलें खड़ी हो गई हैं। बताया जा रहा है कि घटना के वक्त रिंकू के 12 साल के बड़े बेटे अमित ने पूरा घटनाक्रम अपनी आंखों से देखा था और पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User