छह मांगों पर सहमति के बाद कर्मचारियों का धरना खत्म:बीसलपुर चीनी मिल प्रबंधन ने वेतन, भत्ते और सुविधाओं पर कार्रवाई का भरोसा दिया

Nov 18, 2026 - 16:28
0
छह मांगों पर सहमति के बाद कर्मचारियों का धरना खत्म:बीसलपुर चीनी मिल प्रबंधन ने वेतन, भत्ते और सुविधाओं पर कार्रवाई का भरोसा दिया
पीलीभीत की बीसलपुर किसान सहकारी चीनी मिल में छह मांगों को लेकर कोऑपरेटिव चीनी मिल मजदूर यूनियन ने बुधवार को धरना-प्रदर्शन किया। दोपहर 3:30 बजे मिल प्रबंधन और यूनियन पदाधिकारियों के बीच वार्ता हुई। सभी मांगों पर कार्रवाई की सहमति के बाद धरना खत्म कर दिया गया। यूनियन ने दस साल या उससे अधिक समय से काम कर रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों को न्यूनतम वेतन देने की मांग की। प्रबंधन ने वेतनवृद्धि का प्रस्ताव जिलाधिकारी की मंजूरी के लिए भेजने का भरोसा दिया। सूचीबद्ध कर्मचारियों के महंगाई भत्ते के बकाये की पहली किस्त जल्द देने की मांग पर प्रबंधन ने बताया कि कर्मचारीवार जानकारी तैयार की जा रही है। भुगतान का प्रस्ताव आगामी प्रबंध समिति की बैठक में रखा जाएगा। 15 दिन के भीतर भुगतान की कार्रवाई का प्रस्ताव है। संविदा कर्मचारियों को यूपीकोस के तय वेतनमान के अनुसार भुगतान और संविदा व आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की वेतन सूची नोटिस बोर्ड पर लगाने की मांग भी उठाई गई। प्रबंधन ने बताया कि इच्छुक संविदा कर्मचारी अपनी मर्जी से आउटसोर्सिंग के लिए आवेदन कर सकेंगे। पद, योग्यता और अनुभव के आधार पर संबंधित फर्म उन्हें तय वेतन देगी। आउटसोर्सिंग कर्मचारियों की वेतन सूची नोटिस बोर्ड पर लगा दी गई है। यूनियन ने प्राथमिक उपचार केंद्र, साफ पेयजल, शौचालय और मिल कॉलोनी की सफाई की मांग की। प्रबंधन ने बताया कि उपचार केंद्र में कंपाउंडर तैनात किया गया है। पेयजल और शौचालय की व्यवस्था है और कॉलोनी में सफाई कराई जा रही है। समान व्यवहार की मांग पर प्रबंधन ने पक्षपात की शिकायत सीधे उसके सामने रखने को कहा। वार्ता में यूनियन अध्यक्ष श्याम बहादुर शर्मा, महामंत्री राजेंद्र कुमार, मिल प्रबंधन के अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User