बरेली जिला अस्पताल में 36 बेड, 50 मरीज भर्ती:कई बेंच पर लेटे, मंत्री के दौरे से पहले सफाई-रंगाई शुरू
बरेली जिला अस्पताल के मेल मेडिकल वार्ड में मरीजों की संख्या बेड से कहीं ज्यादा हो गई है। 36 बेड वाले वार्ड में 50 से अधिक मरीज भर्ती हैं। जगह कम पड़ने पर कई मरीजों को बेंच पर लिटाकर इलाज दिया जा रहा है, जबकि कुछ बेड पर दो-दो मरीजों को रखा गया है। बुधवार को उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। उनके दौरे से पहले वार्डों में सफाई और रंग-रोगन शुरू करा दिया गया है। खिड़कियां, पंखे और बेड साफ किए जा रहे हैं, लेकिन मरीजों के लिए बेड की कमी अब भी बनी हुई है। मरीजों को जगह नहीं, हीटस्ट्रोक वार्ड में बेड खाली गर्मी के मौसम में तैयार किया गया हीटस्ट्रोक वार्ड अब भी करीब दर्जनभर खाली बेड के साथ मौजूद है। लू का सीजन खत्म होने के बाद भी निरीक्षण को देखते हुए यहां बेड पर साफ चादरें बिछाई गई हैं। दूसरी तरफ सामान्य मेल मेडिकल वार्ड में मरीजों को जगह नहीं मिल रही है। कई मरीजों को बेंच पर ही इलाज कराना पड़ रहा है। निरीक्षण में गंदगी मिलने पर सफाई के निर्देश मंगलवार को अधिकारियों ने अस्पताल का निरीक्षण किया था। इस दौरान इमरजेंसी के पंखे और बेड गंदे मिले। सीढ़ियों की दीवारों पर पान-मसाले की पीक और शौचालयों में भी गंदगी मिली। सीएमओ डॉ. विश्राम सिंह ने अस्पताल प्रशासन को सफाई कराने के निर्देश दिए। इसके बाद वार्डों और अन्य जगहों पर सफाई शुरू कराई गई। बुधवार को अस्पताल का निरीक्षण करेंगे बृजेश पाठक उपमुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री बृजेश पाठक बुधवार को जिला अस्पताल का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद अधिकारियों के साथ बैठक भी करेंगे। अस्पताल में मरीजों को पर्याप्त बेड उपलब्ध कराने, साफ-सफाई बनाए रखने और बेहतर इलाज की व्यवस्था करना बड़ी चुनौती है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)