अयोध्या में यम द्वितीया पर यमराज की पूजा:यमथरा घाट पर उमड़े श्रद्धालु, दीपावली के तीसरे दिन निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा

Nov 10, 2026 - 20:00
0
अयोध्या में यम द्वितीया पर यमराज की पूजा:यमथरा घाट पर उमड़े श्रद्धालु, दीपावली के तीसरे दिन निभाई गई सदियों पुरानी परंपरा
रामनगरी अयोध्या में दीपावली के तीसरे दिन यम द्वितीया पर एक अनूठी धार्मिक परंपरा निभाई गई। सरयू तट स्थित यमथरा घाट पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। लोगों ने सरयू में स्नान कर मृत्यु के देवता यमराज की पूजा-अर्चना की और भयमुक्त, सुखी व दीर्घायु जीवन की कामना की। इस दौरान बहनों ने भाइयों की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। मान्यता है कि भगवान श्रीराम के पृथ्वी लोक से प्रस्थान के समय यमराज उन्हें लेने अयोध्या पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने सरयू तट स्थित जमथरा घाट पर विश्राम किया था। इसके बाद भगवान श्रीराम ने गुप्तार घाट पर जल समाधि ली थी। इसी पौराणिक प्रसंग की स्मृति में कार्तिक शुक्ल पक्ष द्वितीया को यमथरा घाट पर मेला आयोजित किया जाता है। यमभय से मुक्ति की कामना लेकर पहुंचे श्रद्धालु यमराज मंदिर के महंत अवध किशोर शरण दास के अनुसार, यमथरा घाट की धार्मिक मान्यता बेहद प्राचीन है। किंवदंती है कि यमराज को यह तपोस्थली अयोध्या माता से प्राप्त हुई थी। यहां विधि-विधान से पूजा करने पर यमभय से मुक्ति और दीर्घायु का आशीर्वाद मिलता है। मेले में महिलाओं और पुरुषों के साथ बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। कंचन गुप्ता, नीलम सिंह, पूजा गुप्ता और राजकुमार गुप्ता सहित श्रद्धालुओं ने इस परंपरा को आस्था और पारिवारिक मंगल से जुड़ा बताया। सरयू में हुआ लक्ष्मी-गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन यम द्वितीया के अवसर पर दीपावली में पूजी गई लक्ष्मी-गणेश की प्रतिमाओं का सरयू नदी में विसर्जन भी किया गया। घाट पर पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के बीच रामनगरी की प्राचीन परंपरा जीवंत नजर आई। दीपावली के उल्लास के बाद यम द्वितीया का यह आयोजन अयोध्या की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत का अनूठा उदाहरण बना।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User