आयुष्मान खुराना को लॉरेंस गैंग के नाम पर धमकी:ऑडियो मैसेज भेजकर मांगे गए करोड़ों रुपए, पुलिस कर रही जांच
बॉलीवुड एक्टर आयुष्मान खुराना को धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला है। मुंबई पुलिस के सूत्रों के मुताबिक, मैसेज भेजने वाले शख्स ने खुद को लॉरेंस गैंग का सदस्य बताया है। उसने एक्टर से करोड़ों रुपए की मांग की है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। हालांकि, अब तक इस मामले में FIR दर्ज नहीं की गई है। पुलिस को मिले ऑडियो क्लिप की आवाज का मिलान एक ऐसे आरोपी की आवाज से किया जा रहा है, जिसका नाम पहले से पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद है। बताया जा रहा है कि इस आरोपी का संबंध मैसेज भेजने वाले शख्स की बताई गई पहचान से हो सकता है। बता दें कि आयुष्मान खुराना हाल ही में सारा अली खान के साथ फिल्म ‘उड़ता तीर’ में नजर आए थे। इस स्पाई-कॉमेडी फिल्म में उन्होंने बिलाल नाम के पाकिस्तानी एजेंट का किरदार निभाया है। तुषार कपूर को भी धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था गौरतलब है कि मंगलवार को एक्टर तुषार कपूर को भी इसी तरह का धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिलने की जानकारी सामने आई थी। मैसेज भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताया था। फोन करने वाले ने 5 करोड़ रुपए मांगे थे। न्यूज एजेंसी IANS के मुताबिक, तुषार कपूर ने इसकी जानकारी मुंबई पुलिस को दी थी। इसके बाद जांच एंटी-एक्सटॉर्शन सेल और क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई। क्राइम ब्रांच की टेक्निकल टीम ने धमकी भरे कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की जांच की। इसके बाद आवाज का मिलान हैरी बॉक्सर के आधिकारिक ऑडियो सैंपल से किया गया। पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के मुताबिक, दोनों आवाजें आपस में मेल नहीं खातीं। इससे पुलिस को शक है कि यह फर्जी कॉल था। किसी ने गैंग का नाम लेकर डर पैदा करने की कोशिश की। हैरी बॉक्सर पर रणवीर को धमकी देने का आरोप गौरतलब है कि लॉरेंस गैंग के हैरी बॉक्सर पर बॉलीवुड और फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कई लोगों को धमकी देने के आरोप हैं। इनमें सबसे प्रमुख नाम एक्टर रणवीर सिंह का है। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, हैरी ने रणवीर के मैनेजर को वॉइस नोट भेजकर 10 करोड़ रुपए की फिरौती मांगी थी। रकम नहीं देने पर रणवीर और उनके स्टाफ को जान से मारने की धमकी दी गई थी। फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग की घटना के पीछे भी हैरी बॉक्सर और लॉरेंस गैंग का हाथ बताया गया था। इसकी जिम्मेदारी उन्होंने एक वॉइस नोट के जरिए ली थी। मशहूर पंजाबी सिंगर गुरु रंधावा को भी हैरी बॉक्सर ने धमकी दी थी। सोशल मीडिया पर वायरल हुए एक कथित ऑडियो के अनुसार, सलमान खान से नजदीकियों के कारण गुरु रंधावा के दिल्ली स्थित एक जिम पर फायरिंग करवाई गई थी। उन्हें आगे के लिए चेतावनी भी दी गई थी। इसके अलावा कॉमेडियन कपिल शर्मा भी गैंग के निशाने पर रहे हैं। कनाडा में उनके कैफे पर फायरिंग हो चुकी है। …………….. यह खबर भी पढ़ें… अमिताभ बच्चन की सुरक्षा को लेकर PM मोदी को पत्र: बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे फैंस से मिलने के बाद फिल्म संगठन AICWA ने जताई चिंता अमिताभ बच्चन 1 नवंबर को मुंबई स्थित अपने घर जलसा के बाहर बुलेटप्रूफ ग्लास के पीछे फैंस से मिले थे। इसके बाद उनकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई थी। ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन (AICWA) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर फिल्मी हस्तियों और उनके परिवारों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की। पूरी खबर यहां पढ़ें…
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Wow
0
Sad
0
Angry
0
Comments (0)