आजमगढ़ में ओमप्रकाश राजभर ने बोला अखिलेश यादव पर हमला:अयोध्या जाकर मांगे माफी, एक दूसरे को कमजोर करने में जुट हैं चाचा भतीजे

Nov 11, 2026 - 18:03
0
आजमगढ़ में ओमप्रकाश राजभर ने बोला अखिलेश यादव पर हमला:अयोध्या जाकर मांगे माफी, एक दूसरे को कमजोर करने में जुट हैं चाचा भतीजे
आजमगढ़ में सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी और उसके राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने अखिलेश यादव के मंदिर दर्शन को लेकर तंज कसते हुए कहा कि उन पर कहावत ‘सौ चूहे खाकर बिल्ली चली हज को’ सटीक बैठती है। राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव को छह दिसंबर को अयोध्या जाकर रामलला के सामने सिर झुकाकर माफी मांगनी चाहिए। बुधवार को अतरौलिया विधानसभा क्षेत्र के भिउरा स्थित सुभासपा कार्यालय पर गौड़ समाज की महिलाओं के साथ बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव अयोध्या, काशी और मथुरा गए, लेकिन भगवान राम, काशी विश्वनाथ और श्रीकृष्ण के दर्शन नहीं किए। अब जब उनका यादव और मुस्लिम वोट बैंक खिसक रहा है तो वे हिंदू मतदाताओं को जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने अखिलेश की राजनीति को गलत दिशा में बताते हुए कहा कि उनकी स्थिति ‘न अली मिले न बजरंगबली’ जैसी हो गई है। राजभर ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अखिलेश यादव की कार्यशैली की तुलना करते हुए कहा कि योगी आदित्यनाथ लगातार जनता के बीच जाकर सभाएं कर रहे हैं। जबकि अखिलेश यादव एसी कमरे और प्रेस कॉन्फ्रेंस तक सीमित हैं। अखिलेश के संभावित अयोध्या दौरे पर उन्होंने कहा कि उन्हें 12 तारीख के बजाय छह दिसंबर को अयोध्या जाना चाहिए। सपा के यादव वोट बैंक में बिखराव का किया दावा सपा के यादव वोट बैंक में बिखराव के सवाल पर राजभर ने गोरखपुर एमएलसी चुनाव का उदाहरण दिया। उन्होंने दावा किया कि सपा प्रत्याशी के मुकाबले निर्दलीय उम्मीदवार राजीव यादव को अधिक समर्थन मिला और सपा प्रत्याशी तीसरे स्थान पर पहुंच गया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में आजमगढ़ मंडल के कई यादव नेता सपा से बगावत कर चुनाव लड़ेंगे, जिससे पार्टी को नुकसान उठाना पड़ेगा। चाचा-भतीजे के बीच चल रहा राजनीतिक चक्रव्यूह शिवपाल यादव और अखिलेश यादव के बीच चल रही खींचतान पर राजभर ने कहा कि चाचा-भतीजे एक-दूसरे को कमजोर करने में जुटे हैं। दोनों के बीच अंदरूनी राजनीतिक चक्रव्यूह चल रहा है, जिसका असर अब सार्वजनिक रूप से भी दिखाई देने लगा है। सपा नेताओं की बयानबाजी पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी के नेता और प्रवक्ता जातिगत टिप्पणियों के जरिए अपने वोट बैंक को साधने का प्रयास कर रहे हैं। ब्राह्मणों, जाटों और गुर्जर महिलाओं को लेकर की गई कथित टिप्पणियों पर भी उन्होंने सवाल उठाए। कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर पवन पांडेय को दी नसीहत कारसेवकों पर गोलीबारी के मुद्दे पर सपा नेता पवन पांडेय की चुनौती का जवाब देते हुए राजभर ने कहा कि इस मामले में किसी दूसरे प्रमाण की जरूरत नहीं है। सपा के राष्ट्रीय महासचिव प्रो. रामगोपाल यादव का लोकसभा में दिया गया बयान और पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव का विधानसभा में दिया गया बयान सार्वजनिक रिकॉर्ड में मौजूद है। उन्होंने पवन पांडेय को दोनों बयान पढ़ने की नसीहत देते हुए कहा कि यदि वे अपनी बात पर कायम हैं तो राजनीति छोड़ दें। राजभर ने कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी को जनता के बीच अपने राजनीतिक रुख और नेताओं के बयानों का जवाब देना पड़ेगा।

What's Your Reaction?

Like Like 0
Dislike Dislike 0
Love Love 0
Funny Funny 0
Wow Wow 0
Sad Sad 0
Angry Angry 0

Comments (0)

User