ब्रेकिंग न्यूज़

आजमगढ़: एक ही परिवार की चार गुमटियां जलीं

आजमगढ़। मेंहनगर थाना क्षेत्र के खरिहानी बाजार चौराहे पर एक ही परिवार की चार गुमटियों में बीती रात अज्ञात कारणों से आग लग गई। आग में चारों गुमटियां जलकर खाक हो गई। पीड़ितों के अनुसार आग लगने की इस घटना में लगभग सात लाख का नुकसान हुआ है। पीड़ित ने अज्ञात पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। खरिहानी गांव निवासी मो. सत्तार, मो. निसार, मो. अइनुल व आबिद गांव के बाजार के मुख्य चौक पर पुलिस बूथ के सामने गुमटी में दुकान खोल रखे थे। जिसमें रेडिमेड, जूता-चप्पल आदि सामानों की बिक्री की जाती थी। इसी चारों गुमटी से चारों परिवारों की रोजीरोटी चलती थी। कुछ दिन पूर्व ही सत्तार व निसार ने एक-एक लाख रुपये का ऋण लेकर अपनी दुकान में सामान भरा था। रोज की भांति बुधवार की देर शाम चारों गुमटी को बंद कर घर चले गए। सुबह छह बजे उन्हें जानकारी मिली कि उनकी गुमटी में आग लगी है। चारों भाग कर मौके पर पहुंचे तो गुमटियां जल रही थी। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक सबकुछ जल कर राख हो चुका था। जानकारी पर पहुंचे लेखपाल विपिन पांडेय ने नुकसान का आकलन भी किया। वहीं पीड़ित ने पुलिस को अज्ञात पर आग लगाने का आरोप लगाते हुए तहरीर दिया।

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!