Azamgarh News:आजमगढ़ में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयाँ: पम्पिंगसेट बरामद, मोटरसाइकिल के साथ शातिर गिरफ्तार

आजमगढ़ में पुलिस की दो बड़ी कार्रवाइयाँ: पम्पिंगसेट बरामद, मोटरसाइकिल के साथ शातिर गिरफ्तार
आजमगढ़, 28 फरवरी 2026। जनपद आजमगढ़ की थाना पवई और थाना कंधरापुर पुलिस ने अलग-अलग कार्रवाइयों में चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने चोरी गया पम्पिंगसेट तथा एक मोटरसाइकिल बरामद कर ली है।
पवई थाना पुलिस को मिली सफलता
थाना पवई क्षेत्र के ग्राम बस्तीचकगुलरा निवासी पंचम पुत्र जोखू ने 22 फरवरी 2026 की रात खेत में लगा उनका पम्पिंगसेट (टापलेन्ड) चोरी होने की तहरीर दी थी। मामले में थाना पवई पर मु0अ0सं0 46/2026 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।जांच के दौरान पास के एक मुर्गी फार्म में लगे सीसीटीवी फुटेज में नीरज पुत्र रामसिंगार को पम्पिंगसेट ले जाते हुए देखा गया। जांच में उसके दो साथियों संदीप पुत्र प्यारेलाल और चन्द्रभान पुत्र रूदल (निवासी ग्राम खेमीपुर) की संलिप्तता भी सामने आई।
28 फरवरी 2026 को उ0नि0 विशाल चक्रवर्ती मय हमराह पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर बागबहार पुलिया के पास से तीनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया। अभियुक्तों की निशानदेही पर ग्राम बस्तीचकगुलरा में सड़क किनारे गेहूं के खेत से चोरी गया पम्पिंगसेट बरामद किया गया। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोत्तरी की गई है।
गिरफ्तार अभियुक्त:
नीरज पुत्र रामसिंगार
संदीप पुत्र प्यारेलाल
चन्द्रभान पुत्र रूदल
कंधरापुर थाना क्षेत्र में चोरी की मोटरसाइकिल बरामद
इसी क्रम में 27 फरवरी 2026 को थाना कंधरापुर पुलिस संदिग्ध वाहन/व्यक्ति की चेकिंग कर रही थी। मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम बाकीपुर सोनहरिया रोड पर बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल के साथ एक व्यक्ति खड़ा है और उसे बेचने की फिराक में है।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। संदिग्ध व्यक्ति भागने का प्रयास करने लगा, जिसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित सिंह उर्फ उदय प्रताप सिंह (उम्र 26 वर्ष), निवासी वजहा ईदिलपुर थाना जहानागंज बताया।
जांच में बरामद मोटरसाइकिल (UP 62 CM 6103, HF Deluxe) चोरी की पाई गई, जो मु0अ0सं0 03/25 धारा 303(2) बीएनएस, थाना शाहगंज, जनपद जौनपुर से संबंधित है। अभियुक्त के विरुद्ध थाना कंधरापुर पर मु0अ0सं0 33/2026 धारा 317(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक कार्यालय के अनुसार, जनपद में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए लगातार अभियान चलाया जा रहा है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



