होली से पहले UP के 1.86 करोड़ परिवार को सरकार का बड़ा तोहफा, CM योगी ने कर दिया यह बड़ा ऐलान

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ऐलान किया है कि होली से पहले उज्जवला योजना का लाभ उठाने वाले हर परिवार को सरकार की ओर से फ्री सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा. सीएम योगी ने इस तोहफे का ऐलान केवल होली के लिए नहीं, बल्कि दीपावली के लिए भी किया है.
प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के अंतर्गत उज्ज्वला परिवारों को गैस सिलेंडर रिफिल सब्सिडी के वितरण कार्यक्रम में सीएम योगी आदित्यनाथ ने यह घोषणा की. लखनऊ में सीएम योगी ने कहा, “प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पहले से व्यवस्था की है कि इस साल 9 सिलेंडर सब्सिडी रेट पर दिए जाएंगे. यानी जो भी सिलेंडर खरीद रहा है, उसका कनेक्शन फ्री है. इसके बाद जब आप नया सिलेंडर लेने जाते हैं तो प्रति रीफिल 335.40 रुपये आपके खाते में वापस कर दिए जाते हैं. इससे दुरुपयोग भी रुकता है और आपके खर्च का बड़ा हिस्सा आपको वापस भी मिल जाता है.”
‘हर व्यक्ति के घर में सम्मानजन रूप से मनेगी होली’- योगी आदित्यनाथ
सीएम योगी ने कहा, “9 सिलेंडर पर तो प्रधानमंत्री ही आपको सब्सिडी दे रहे हैं. इसके अलावा, यूपी सरकार ने तय किया है कि दीपावली और होली के पहले हर परिवार में हम एक-एक भरा हुआ सिलेंडर उपलब्ध करवाएंगे. प्रदेश भर में इस प्रकार के आयोजन हो रहे हैं, जिससे होली के पहले हर एक व्यक्ति सम्मानजनक ढंग से अपने घर में ऊर्जा की आवश्यकता की पूर्ति करते हुए उत्साह और उमंग को कई गुना बढ़ाने में सहयोगी हो सकें.”
महिला सुरक्षा पर सीएम योगी का बड़ा बयान
सीएम योगी ने आगे कहा, “यूपी में महिला सुरक्षा, महिला स्वावलंबन और उनके सम्मान के लिए सरकार काम कर रही है. अभी आपने देखा होगा, हमारी सरकार बहुत सारे कदम उठाने जा रही है. इस बार बजट में फैसले लिए गए हैं. डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने 14 साल की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर से जुड़ी समस्या के लिए वैक्सीनेशन कार्यक्रम की शुरुआत की. हमारी बेटी सुरक्षित होगी तो हमारा परिवार सुरक्षित होगा. 2100 रुपये का वैक्सीनेशन 300 रुपये में उपलब्ध कराया जा रहा है. हम उसे भी फ्री में ले जाने की व्यवस्था की जा रही है.”
पिछली सरकारों पर योगी आदित्यनाथ का हमला
सीएम योगी ने कहा कि सरकार जब संवेदनशील होती है, तब वह समाज के बारे में सोचती है. पहले क्या होता था? पहले लोग जाति के नाम पर लड़ाते थे लेकिन अपने परिवार के लिए ही काम करते थे. उनका विकास परिवार तक ही सीमित रहता था. वह चाहते थे कि सब कुछ परिवार में आए. परिवार के लोग प्रदेश को नोचने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ते थे. हमारे लिए यूपी की 25 करोड़ जनता ही परिवार है और उसी की सुरक्षा, उसी के सम्मान के लिए काम करना है.



