राज्य

बुलंदशहर: हर्ष फायरिंग में मासूम के सिर में लगी गोली, हालत नाजुक; आरोपी पिता-पुत्र गिरफ्तार

उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शादी समारोह के दौरान हर्ष फायरिंग ने एक बार फिर खौफनाक रूप ले लिया. कोतवाली नगर क्षेत्र में हुए एक विवाह कार्यक्रम में चल रही हर्ष फायरिंग के दौरान 8 वर्षीय मासूम रियांश के सिर में गोली लग गई.

खून से लथपथ बच्चे को आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे गंभीर हालत में हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है. फिलहाल मासूम वेंटिलेटर पर जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है. वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी पिता-पुत्र को हिरासत में ले लिया है.

छत से कार्यक्रम देख रहा था मासूम

यह पूरी घटना कोतवाली नगर क्षेत्र के सुनारों वाली गली की है. प्राप्त जानकारी के अनुसार, 19 फरवरी को स्थानीय निवासी रोबिन वर्मा की बेटी की शादी का कार्यक्रम चल रहा था. शाम के समय ‘भात’ की रस्म अदा की जा रही थी. इसी दौरान रोबिन वर्मा का नाबालिग बेटा अपने पिता की लाइसेंसी पिस्टल से गली में हर्ष फायरिंग करने लगा. तभी पड़ोस में रहने वाले हिमांशु वर्मा का 8 वर्षीय बेटा रियांश अपनी छत पर खड़ा होकर यह कार्यक्रम देख रहा था. इसी बीच, किशोर द्वारा चलाई गई एक गोली सीधे रियांश के सिर में जा लगी.

सीसीटीवी फुटेज आया सामने, मची अफरातफरी

गोली लगते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई. आनन-फानन में लहूलुहान रियांश को जिला अस्पताल ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे तुरंत हायर मेडिकल सेंटर रेफर कर दिया. वर्तमान में रियांश नोएडा के एक निजी अस्पताल में वेंटिलेटर पर है और उसकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. इस घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी वायरल हो रहा है, जिसमें आरोपी किशोर फायरिंग करता नजर आ रहा है और उसके बाद मासूम के परिजन उसे घायल अवस्था में अस्पताल की ओर भागते दिख रहे हैं.

पुलिस ने कसा शिकंजा, पूछताछ जारी

घटना के तुरंत बाद आरोपी पिता रोबिन अपने बेटे के साथ मौके से फरार हो गया था. पीड़ित परिवार की तहरीर के आधार पर पुलिस ने तत्काल मुकदमा दर्ज किया और दबिश देकर आरोपी पिता-पुत्र दोनों को हिरासत में ले लिया है. फिलहाल पुलिस दोनों से पूछताछ कर रही है और लाइसेंसी हथियार को लेकर भी जांच की जा रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!