Ghaziabad News: ऑफिस में घुसकर हमलावरों ने युवक पर चाकू से किया हमला, गर्दन और पेट पर किए कई वार

गाजियाबाद के लोनी थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां अशोक विहार कॉलोनी निवासी सलीम वास्तिक पर उनके ही घर में बने ऑफिस के अंदर जानलेवा हमला किया गया. स्थानीय लोगों के अनुसार, देर रात दो अज्ञात हमलावर अचानक दफ्तर में घुसे और सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए. हमलावरों ने उनकी गर्दन और पेट पर कई वार किए, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए.
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए. घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया. घायल सलीम को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत बेहद नाजुक बनी हुई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और हमलावरों की तलाश शुरू कर दी गई है.
क्या है पूरा मामला
लोनी के अशोक विहार में पीड़ित सलीम ने अपने घर के अंदर ही एक छोटा सा ऑफिस खुला हुआ था. आम दिनों की तरह सलीम अपने ऑफिस में बैठा हुआ था. पुलिस के मुताबिक सुबह 9:00 के आसपास बिना नंबर की बाइक पर दो हेलमेट पहने युवक आए. दोनों ही बदमाश ऑफिस के अंदर गए और उन्होंने सलीम पर चाकू से ताबड़तोड़ हमले कर दिए.
एक बदमाश ने सलीम की गर्दन रेतने की कोशिश की और दूसरे ने पेट पर हमला किया. घटना के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए. स्थानीय लोगों के अनुसार, सलीम की हालत बेहद गंभीर है और उसे दिल्ली के गुरु तेग बहादुर अस्पताल में भर्ती कराया गया है. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई.
दोनों हमलावरों की तलाश में जुटी पुलिस- एसीपी
गाजियाबाद लोनी एसीपी सिद्दार्थ गौतम के अनुसार, घटना की सूचना मिलते ही लोनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है. अज्ञात हमलावरों की तलाश में टीमों का गठन किया गया है. पुलिस ने पीड़ित परिवार को अश्वासन दिया कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
साथ ही कहा कि सलीम वास्तिक पूर्व में सोशल मीडिया पर मुस्लिम समुदाय के खिलाफ दिए गए बयानों को लेकर चर्चा में रहे हैं. हालांकि, पुलिस अभी हमले के पीछे की सटीक वजह की जांच कर रही है और किसी भी एंगल को नजरअंदाज नहीं किया जा रहा है.
ये भी पढ़िए- हरियाणा बोर्ड एग्जाम में नकल की निंजा तकनीक! दीवारों पर चढ़कर बच्चों को पर्चे दे रहे अभिभावक



