राज्य

Sonipat News: सोनीपत में फायरिंग मामले में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली जिम्मेदारी, सिंगर मासूम शर्मा को दी चेतावनी

हरियाणा में अपराधियों के हौसले पस्त होने के बजाय बढ़ते ही जा रहे हैं. ताजा मामला सोनीपत के बहालगढ़ चौक का है, जहां ‘पहल न्यूट्रिशन’ शोरूम पर बाइक सवार बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग कर दहशत फैला दी. इस वारदात की जिम्मेदारी लॉरेंस बिश्नोई गैंग के शार्प शूटर रणदीप मलिक ने फेसबुक पोस्ट के जरिए ली है.

वारदात का पूरा मंजर शोरूम में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गया है. तस्वीरों में देखा जा सकता है कि एक बाइक पर सवार तीन बदमाश शोरूम पहुंचते हैं. इनमें से बदमाश बड़े आराम से अंदर जाकर काउंटर पर बैठे मैनेजर को एक पर्ची थमाते हैं और अचानक हथियार निकालकर हमला करने की कोशिश करते हैं. गनीमत रही कि पहली कोशिश में गोली नहीं चली, जिसके बाद बदमाशों ने बाहर निकलकर शोरूम के शीशों पर फायर कर दिया और फरार हो गए.

फेसबुक पोस्ट से पुलिस महकमे में हड़कंप

वारदात के कुछ ही समय बाद रणदीप मलिक और अनिल पंडित (USA) के नाम से एक फेसबुक पोस्ट वायरल हुई. इस पोस्ट में न केवल फायरिंग की जिम्मेदारी ली गई, बल्कि कई गंभीर आरोप भी लगाए गए:

  • नकली सप्लीमेंट का आरोप: पोस्ट में दावा किया गया कि पहल न्यूट्रिशन वाले नकली प्रोडक्ट बेचकर युवाओं की सेहत के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं.
  • रोहित गोदारा को बताया गद्दार: शूटर ने आरोप लगाया कि शोरूम मालिक ने उनके दुश्मन रोहित गोदारा को फिरौती दी है, जो पाकिस्तान की एजेंसियों के साथ मिलकर देश की गोपनीय जानकारी साझा करता है.
  • मासूम शर्मा को सीधी धमकी: पोस्ट के अंत में एक नोट लिखकर मशहूर हरियाणवी सिंगर मासूम शर्मा को चेतावनी दी गई है कि वे हरियाणा के सरपंचों से माफी मांग लें, अन्यथा अंजाम बुरा होगा.

जांच में जुटी एसटीएफ और क्राइम ब्रांच

इस हाई-प्रोफाइल मामले के बाद सोनीपत पुलिस, हरियाणा एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की कई टीमें मौके पर पहुँची हैं. सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड के बाद अब मासूम शर्मा को मिली धमकी को पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है. मामले पर जानकारी देते हुए डीसीपी क्राइम नरेंद्र कादियान ने बताया कि तथ्यों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. हालांकि, गैंग के वर्चस्व और सुरक्षा संबंधी कई तीखे सवालों पर उन्होंने चुप्पी साधे रखी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!