Ayodhya News: 19 महीने बाद रिहा हुए सपा नेता मोईद खान, बोले- ‘CM योगी संत आदमी, उनका आशीर्वाद रहा तो…’

उत्तर प्रदेश के अयोध्या जिले में समाजवादी पार्टी के नेता मोईद खान 19 महीने बाद कोर्ट से रिहा हुए हैं. रिहाई के बाद मीडिया से बात करते हुए मोईद खान ने यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर आस्था जताई. सपा नेता ने कहा कि उन्हें न्यायपालिका पर पूरा भरोसा था और उन्हें न्याय मिल गया है. बता दें, मोईद खान पर POCSO एक्ट और गैंगस्टर एक्ट के तहत जेल में थे. उन्हें नाबालिग गैंगरेप केस में आरोपी बनाया गया था. अब उन्हें कोर्ट से बरी कर दिया गया है.
मोईद खान ने आरोप लगाया कि बीकापुर विधायक द्वारा मुख्यमंत्री को गलत सूचना दी गई थी. बिना तथ्यों के और जांच कि बिना विधायक ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को गुमराह किया, जिसके बाद कार्रवाई हुई.
‘सीएम योगी को गुमराह किया गया था’
मोईद खान ने कहा कि मुख्यमंत्री एक संत स्वभाव के व्यक्ति हैं और वे इस तरह का कार्य नहीं कर सकते. उन्हें झूठी खबर देकर एक साजिश के तहत कार्रवाई करवाई गई. उन्होंने यह भी कहा कि उनके ही बिरादरी के कुछ लोगों ने बदले की भावना से यह साजिश रची.
‘योगी जी का आशीर्वाद रहा तो फिर खड़ी हो जाएगी बेकरी’
डेमोलिशन की कार्रवाई पर सपा नेता ने कहा कि नुकसान जरूर हुआ है, लेकिन अगर मुख्यमंत्री का आशीर्वाद रहा तो बच्चों के रोजगार के लिए बेकरी दोबारा खड़ी की जाएगी. उन्होंने बताया कि जेल में उन्हें किसी प्रकार की असुविधा नहीं हुई और उनका ध्यान अच्छे से रखा गया.
मोईद खान ने यह भी कहा कि इस पूरे घटनाक्रम में न तो मुख्यमंत्री का कोई दोष है और न ही स्थानीय विधायक का. हालांकि, उन्होंने माना कि लड़की के साथ गलत हुआ है, लेकिन उनका दावा है कि लड़की और उसकी मां को कुछ लोगों ने बहकाया था.
रेप केस और गैंगस्टर एक्ट में बरी हुए सपा नेता
गौरतलब है कि सामूहिक रेप और पॉक्सो मामले में मोईद खान पहले ही कोर्ट से बरी हो चुके हैं. वहीं, गैंगस्टर एक्ट के मामले में भी उन्हें जमानत मिल चुकी है.



