राज्य

Muzaffarnagar News: जनरेटर फैक्ट्री में शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग, मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर खाक

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद के शाहपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार (27 फरवरी) देर शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक जनरेटर फैक्ट्री और उससे सटे गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट बताई जा रही है. आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में उसने विकराल रूप धारण कर लिया. लपटें आसमान तक उठती नजर आईं और दूर-दूर तक धुएं का गुबार दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के इलाके में दहशत फैल गई.

जनरेटर गोदाम में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से लगी आग

बताया जा रहा है कि रात करीब 8 बजे फैक्ट्री में रोजाना की तरह काम चल रहा था. इसी दौरान पास स्थित जनरेटर गोदाम में अचानक शॉर्ट सर्किट हुआ, जिससे चिंगारी भड़क उठी और वहां रखा ज्वलनशील सामान आग की चपेट में आ गया. गोदाम में बड़ी मात्रा में ज्वलनशील सामग्री मौजूद होने के कारण आग ने तेजी से पूरी फैक्ट्री परिसर को अपनी गिरफ्त में ले लिया. मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने स्थिति की गंभीरता को समझते हुए तुरंत बाहर निकलकर अपनी जान बचाई और घटना की सूचना पुलिस व दमकल विभाग को दी.

सूचना मिलते ही शाहपुर थाना पुलिस के साथ बुढाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई. दमकल विभाग की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया. वहीं आग बुझाने के दौरान आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.

आग से फैक्ट्री और गोदाम में रखा सामान जलकर हुआ खाक

पुलिस के अनुसार इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है, जो राहत की बात है. हालांकि आग से फैक्ट्री और गोदाम में रखा सामान जलकर खाक हो गया, जिससे लाखों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है. प्रशासन ने आग लगने के सटीक कारणों की जांच शुरू कर दी है. घटना के बाद क्षेत्र में सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है.

Input By : अभिषेक बेनीवाल

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!