हल्द्वानी रेलवे जमीन अतिक्रमण केस: फैसले पर प्रभावितों ने जताई खुशी, सरकार से जमीन देने की मांग

बनभूलपुरा रेलवे जमीन अतिक्रमण मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद एबीपी न्यूज की टीम ग्राउंड जीरो पर प्रभावितों के बीच पहुंची. सुप्रीम कोर्ट के फैसले से प्रभावित एक महिला ने एबीपी न्यूज के कैमरे में अपनी पीड़ा बयां करते हुए कहा कि, जमीन दिलवा दो, हम चले जाएंगे.
गरीबों को अच्छी जगह दिलाने की मांग
मोहम्मद शरीफ नाम के शख्स ने बनभूलपुरा मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा कि, हम ये चाहते हैं कि जो 40-50 साल से यहां रह रहे हैं, उन गरीब परिवारों को कम से कम अच्छी जगह मिलनी चाहिये. हालांकि, सर्वे की बात उन्होंने कहा कि, जो कुछ भी हो हम सुप्रीम कोर्ट के हर फैसले और प्रक्रिया के साथ हैं.
सर्वे कर गरीब आदमी को बसाने की मांग
लल्ला नाम के एक बुजुर्ग ने अदालत के फैसले पर एबीपी न्यूज के कैमरे में कहा है कि, ‘हम भगवान से दुआ करेंगे कि हमारी सरकार सलामत रहे, सर्वे कर गरीब आदमी को बसा दे.’ उन्होंने कहा कि, हम कीड़े-मकोड़े की जिंदगी काट रहे हैं, सरकार से हमारी यही मांग है कि रहने के लिए कहीं जमीन का टुकड़ा मिल जाए, हम इसी गुजारा कर लेंगे.
आदेश से खुश, सरकार से की जगह देने की मांग
इसके अलावा ने नजमा नाम की एक अन्य महिला ने बनभूलपुरा मामले में सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर कहा कि, हम इस आदेश से खुश हैं, लेकिन अगर रहने के लिए थोड़ी जगह मिल जाए, उसी में गुजारा हो जाएगा. महिला ने यह भी बताया कि जब उनका जन्म भी नहीं हुआ था, तब से वे यहां रह रही हैं.



