West Bengal CM Oath: 321 कार्यकर्ताओं की शहादत के बाद… भावुक गृहमंत्री ने यूं किया बंगाल के नए सीएम शुभेंदु के नाम का ऐलान

West Bengal New CM: गृह मंत्री अमित शाह ने पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल की बैठक के बाद बड़ा ऐलान करते हुए कहा कि सुवेंदु अधिकारी राज्य के अगले मुख्यमंत्री होंगे. कोलकाता के बिस्वा बंगला कन्वेंशन सेंटर में आयोजित बैठक में शुभेंदु अधिकारी को औपचारिक रूप से विधायक दल का नेता चुना गया.
शाह ने अपने संबोधन में भावुक होते हुए कहा कि बंगाल में भाजपा कार्यकर्ताओं ने लंबे संघर्ष और हिंसा का सामना किया. उन्होंने दावा किया कि पार्टी के 321 कार्यकर्ताओं ने अपनी जान गंवाई, लेकिन कार्यकर्ताओं का मनोबल कभी नहीं टूटा. शाह ने कहा, “इस बार बंगाल की जनता ने जो समर्थन दिया है, उसे बयान करने के लिए मेरे पास शब्द नहीं हैं.”
उन्होंने कहा कि 23 जिलों में से 20 जिलों में भाजपा नंबर-1 पार्टी बनकर उभरी है. शाह ने खास तौर पर झारग्राम, बांकुरा और दार्जिलिंग का जिक्र करते हुए कहा कि इन इलाकों की सभी सीटें भाजपा के खाते में गई हैं. उन्होंने भवानीपुर की जनता का भी धन्यवाद किया और कहा कि शुभेंदु अधिकारी ने पहले नंदीग्राम में ममता बनर्जी को हराया था और अब बंगाल में भाजपा को ऐतिहासिक जीत दिलाई है.
भाजपा की इस जीत को बंगाल की राजनीति में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है. लंबे समय तक राज्य की सत्ता से दूर रहने के बाद पार्टी पहली बार सरकार बनाने जा रही है. शाह ने इसे “कार्यकर्ताओं के बलिदान और जनता के विश्वास की जीत” बताया.
शपथ ग्रहण की ग्रैंड तैयारी, पीएम मोदी होंगे शामिल
शनिवार को ब्रिगेड परेड ग्राउंड में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारी चल रही है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भी शामिल होने की संभावना है. पीएम मोदी ने 27 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 की अपनी आखिरी चुनावी रैली को संबोधित करते हुए भाजपा की जीत का भरोसा जताया था. उत्तर 24 परगना जिले के जगद्दल में विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा था, “यह इस चुनाव में मेरी आखिरी रैली है. मैं इस विश्वास के साथ लौट रहा हूं कि 4 मई के नतीजों के बाद भाजपा के शपथ ग्रहण समारोह में जरूर शामिल होऊंगा.”
शपथ ग्रहण के लिए ट्रैफिक एडवाइजरी
Narendra Modi के 9 मई को कोलकाता दौरे और पश्चिम बंगाल की नई सरकार के शपथ ग्र हण समारोह को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है. ब्रिगेड परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम के मद्देनजर सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक कई प्रमुख सड़कों पर यातायात नियंत्रित रहेगा.
Traffic Notification in connection with the visit of the Hon’ble Prime Minister of India to the city of Kolkata for attending OATH-TAKING Ceremony of newly formed West Bengal Government at Brigade Parade Ground, Kolkata on 09.05.2026. pic.twitter.com/Q6OiXb2Ei4
— Kolkata Traffic Police (@KPTrafficDept) May 8, 2026
Ajay Nand द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार एस्प्लेनेड रैंप, के.पी. रोड, हॉस्पिटल रोड, लवर्स लेन, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींसवे पर जरूरत के अनुसार ट्रैफिक रेगुलेट किया जाएगा। विक्टोरिया मेमोरियल और उसके आसपास के इलाकों में पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी.
इसके अलावा एलपीजी, सीएनजी, पेट्रोलियम, दवा, सब्जी, फल, मछली और दूध ले जाने वाले वाहनों को छोड़कर अन्य सभी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर भी सुबह 4 बजे से रात 8 बजे तक रोक रहेगी. पुलिस ने कहा है कि वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान कई मार्गों पर ट्रैफिक अस्थायी रूप से डायवर्ट या बंद किया जा सकता है.



