तमिलनाडु में सरकार गठन के लिए नहीं मिला निमंत्रण तो SC पहुंचे TVK समर्थक, राज्यपाल को निर्देश देने की मांग

- तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने राज्यपाल से सरकार गठन का निमंत्रण माँगा।
- TVK ने 107 विधायकों के समर्थन का दावा करते हुए याचिका दायर की।
- राज्यपाल ने बहुमत साबित करने के बाद ही निमंत्रण की बात कही।
- TVK ने 121 विधायकों के समर्थन का पत्र राज्यपाल को सौंपने की तैयारी की।
तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में जीत हासिल करने के बावजूद राज्यपाल की ओर से नई सरकार के गठन के लिए निमंत्रण नहीं मिलने से नाराज थलपति विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के समर्थक ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है. टीवीके समर्थक ने सुप्रीम कोर्ट में एक रिट याचिका दाखिल की है, जिसमें तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर (RV Arlekar) की तरफ से पार्टी को सरकार बनाने का निमंत्रण न मिलने की बात कही गई है.
याचिका में कहा गया है कि तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में राज्य की सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है, इसलिए उसे सरकार गठन का मौका दिया जाना चाहिए. इसके साथ, सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की गई रिट याचिका में तमिलनाडु के राज्यपाल को अभिनेता विजय की पार्टी TVK को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करने का निर्देश देने की मांग की है.
राज्यपाल को 121 विधायकों का समर्थन पत्र सौंपेंगे TVK चीफ
सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) के प्रमुख थलापति विजय ने तमिलनाडु में नई सरकार के गठन के लिए 121 विधायकों का समर्थन पत्र राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर को सौंपने के लिए तैयार किया है.
यह भी पढे़ंः शुभेंदु अधिकारी: पिता रहे कैबिनेट मंत्री, खुद नहीं की शादी, कांग्रेस से CM की कुर्सी तक का सफर
राज्यपाल को सौंपे जाने वाले पत्र में थलापति विजय की पार्टी टीवीके के 107 विधायकों के साथ कांग्रेस के पांच विधायक, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया-मार्क्सवादी (CPI-M) के दो विधायक, कम्युनिस्ट पार्टी ऑफ इंडिया (CPI) के 2 विधायक, विदुथालाई चिरुथैगल कच्ची (VCK) के दो विधायक, इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) के दो विधायक और अम्मा मक्कल मुनेत्र कड़गम (AMML) के एक विधायक के समर्थन की बात कही गई है.
तमिलनाडु में क्या है सरकार गठन का पूरा विवाद?
दरअसल, तमिलनाडु में 234 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव में एक्टर से राजनेता बने जोसेफ विजय (थलापति विजय) की पार्टी तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) ने 108 सीटों पर बड़ी जीत हासिल की. हालांकि, टीवीके चीफ विजय दो विधानसभा सीटों से चुनाव लड़े थे, ऐसे में यह कुल आंकड़ा 107 हो जाता है, लेकिन तमिलनाडु में बहुमत का आंकड़ा 118 सीटों का है. जिससे विजय की टीवीके 11 सीटें पीछे थी. जबकि राज्य के राज्यपाल आरवी अर्लेकर ने टीवीके चीफ को नई सरकार के गठन से पहले बहुमत पेश करने को कहा.
यह भी पढे़ंः TVK चीफ विजय ने किया सरकार बनाने का दावा, ‘थलापति’ के पास 121 विधायकों का समर्थन



