जयपुर: पेपर लीक और भर्ती घोटालों की CBI जांच की मांग, भारत आदिवासी पार्टी का अनोखा प्रदर्शन

राजस्थान विधानसभा में भारत आदिवासी पार्टी के तीन विधायकों ने बेहद अलग अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया. ये विधायक पेपर लीक और भर्तियों में हुई कथित गड़बड़ियों की सीबीआई जांच की मांग को लेकर विधानसभा के सदन और परिसर में प्रदर्शन करते नजर आए.
इस प्रदर्शन की सबसे खास बात उनका पहनावा था. तीनों विधायक एक जैसी खास टी-शर्ट पहनकर विधानसभा पहुंचे थे. इन टी-शर्टों पर पिछली विधानसभा की एक तस्वीर छपी हुई थी. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे समेत बीजेपी के कई नेता सीबीआई जांच की मांग करते हुए दिखाई दे रहे थे. इसी तस्वीर के जरिए विधायक सरकार पर सीधा राजनीतिक सवाल खड़ा कर रहे थे.
क्या है पूरा मामला
भारत आदिवासी पार्टी के विधायकों का कहना था कि जब बीजेपी विपक्ष में थी, तब पेपर लीक और भर्तियों में गड़बड़ी के मामलों पर सीबीआई जांच की मांग को लेकर खुलकर प्रदर्शन करती थी. लेकिन अब बीजेपी को सत्ता में आए करीब दो साल हो चुके हैं और अब वही पार्टी इस मुद्दे पर चुप्पी साधे हुए है. विधायकों का आरोप है कि सरकार इस गंभीर मुद्दे पर न तो खुलकर चर्चा कर रही है और न ही कोई ठोस फैसला ले रही है.
विधायकों ने यह भी कहा कि सदन में सरकार की ‘दो साल की उपलब्धियों’ पर चर्चा हो रही है, लेकिन युवाओं के भविष्य से जुड़े इतने बड़े मुद्दे पर सरकार की चुप्पी बेहद चिंताजनक है. इसी वजह से उन्हें यह अनोखा तरीका अपनाना पड़ा, ताकि सरकार और जनता दोनों का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर जाए.
पेपर लीक मामले पर संज्ञान ले सरकार
भारत आदिवासी पार्टी ने साफ कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध नहीं है. बल्कि छात्रों और युवाओं के भविष्य से जुड़ा सवाल है. पार्टी का कहना है कि सरकार को जल्द से जल्द पेपर लीक और भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच का फैसला लेना चाहिए. ताकि सच्चाई सामने आ सके और दोषियों को सजा मिल सके. फिलहाल यह अनूठा विरोध प्रदर्शन पूरे प्रदेश में चर्चा का विषय बना हुआ है.
ये भी पढ़िए- दिल्ली: ट्रिपल इंजन सरकार पर कांग्रेस का तंज, गिनाए ’12 महीनों के 12 कारनामे’



