राज्य

बिहार: सिपाही भर्ती परीक्षा में बायोमेट्रिक गड़बड़ी, सॉल्वर गैंग का पर्दाफाश, 4 अभ्यर्थी गिरफ्तार

पटना के गर्दनीबाग स्थित पटना हाईस्कूल में सिपाही बहाली की शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान बड़ा फर्जीवाड़ा सामने आया है. आज (21 फरवरी) बायोमेट्रिक जांच के दौरान 4 अभ्यर्थियों को गिरफ्तार किया गया. जिनके फोटो और अंगुलियों के निशान रिकॉर्ड से मेल नहीं खा रहे थे. जांच में खुलासा हुआ कि इन चारों ने लिखित परीक्षा स्कॉलर (सॉल्वर) की मदद से पास की थी और बाद में खुद शारीरिक परीक्षा देने पहुंचे थे.

शारीरिक दक्षता परीक्षा के दौरान जब अभ्यर्थियों के दस्तावेज, फोटो और बायोमेट्रिक डेटा का मिलान किया गया. तब गड़बड़ी सामने आई. जांच टीम को शक होने पर सभी से कड़ी पूछताछ की गई. पूछताछ में अभ्यर्थियों ने स्वीकार किया कि उन्होंने लिखित परीक्षा पास करने के लिए सॉल्वर गैंग की मदद ली थी. इसी के बाद पूरे फर्जीवाड़े का पर्दाफाश हुआ.

पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की कर रही तलाश

गर्दनीबाग थाने के इंस्पेक्टर प्रमोद कुमार ने बताया कि इस मामले में संगठित सॉल्वर गैंग की संलिप्तता की आशंका है. पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े लोगों की तलाश कर रही है और कई जगहों पर छापेमारी भी चल रही है. जांच में यह भी सामने आया है कि लिखित परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से मोटी रकम वसूली जाती थी.

अब तक 30 से अधिक अभ्यार्थियों को किया गिरफ्तार

यह परीक्षा केंद्रीय चयन पर्षद द्वारा आयोजित की जा रही है. अधिकारियों के अनुसार, अब तक इस सॉल्वर गैंग से जुड़े 30 से अधिक अभ्यर्थियों की गिरफ्तारी हो चुकी है. शारीरिक दक्षता परीक्षा की प्रक्रिया फिलहाल जारी रहेगी. लेकिन अब हर स्तर पर जांच को और सख्त कर दिया गया है. पुलिस का कहना है कि इस पूरे गिरोह को जड़ से खत्म करने के लिए लगातार कार्रवाई की जाएगी. ताकि भविष्य में भर्ती परीक्षाओं की पवित्रता बनी रहे और मेहनत करने वाले अभ्यर्थियों के साथ कोई अन्याय न हो.

ये भी पढ़िए- दिल्ली: ट्रिपल इंजन सरकार पर कांग्रेस का तंज, गिनाए ’12 महीनों के 12 कारनामे’

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!