राज्य

दिल्ली में बढ़ने लगी गर्मी, इस दिन से पारा होगा और हाई, पढ़ें मौसम का ताजा अपडेट

अभी फरवरी गया नहीं है और लोगों को गर्मी का एहसास होने लगा है. राजधानी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में मौसम अब शुष्क और गर्म होने लगा है, लेकिन रात को हल्की ठंड अब भी बरकरार है. ये सिलसिला 27 फरवरी तक रहने के आसार हैं.

भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार इस सप्ताह अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहेगा. दिन में तेज धूप और रात में हल्की ठंड का असर बना रहेगा.

22 फरवरी की सुबह साफ आसमान के साथ हुई. वहीं अधिकतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. 21 फरवरी को अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस रहा.

हवाओं की रफ्तार और असर

बीते 24 घंटे के दौरान दिल्ली एनसीआर में 17 से 20 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चली हैं. हालांकि हवाओं की दिशा और गति लगातार बदलती रही है, जिससे मौसम पर व्यापक असर देखने को नहीं मिला. इसके बावजूद दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का एहसास बढ़ेगा.

मौसम विभाग के अनुसार इस सप्ताह दिन का तापमान तेजी से चढ़ेगा. सुबह और देर रात हल्की ठंड बनी रह सकती है, लेकिन दोपहर के समय तेज धूप लोगों को परेशान कर सकती है. मौसम में किसी बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नजर नहीं आ रही है.

27 फरवरी तक रात में सर्दी

दिल्ली-एनसीआर में सर्दी की विदाई लगभग हो चुकी है. बाजारों में वूलन कपड़ों की जगह अब गर्मियों के कपड़े नजर आने लगे हैं. लोग दिन में स्वेटर और जैकेट पहनना कम कर चुके हैं और धूप से बचने के लिए छाते का इस्तेमाल कर रहे हैं.

मौसम विभाग का अनुमान है कि 27 फरवरी तक रात में हल्की ठंड बनी रह सकती है. इसके बाद तापमान में और बढ़ोतरी होने की संभावना है. आने वाले दिनों में बारिश की कोई संभावना नहीं जताई गई है और मौसम साफ रहने का अनुमान है.

शाम 5:30 बजे सापेक्षिक आर्द्रता 50 प्रतिशत दर्ज की गई. केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शनिवार शाम छह बजे दिल्ली का वायु गुणवत्ता सूचकांक 211 रहा, जो खराब श्रेणी में दर्ज किया गया. आने वाले दिनों में तापमान बढ़ने के साथ प्रदूषण के स्तर पर भी नजर बनी रहेगी.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!