राज्य

‘पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में आगे रहेगी RJD’, प्रेसिडेंट पद के प्रत्याशी संटू का दावा

पटना यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव की सरगर्मियां तेज हो गई है. 18 फरवरी को नामांकन खत्म हुए तो अब सभी कॉलेज में प्रचार प्रसार जोरों से होने लगे हैं. पटना वीमेंस कॉलेज के गेट पर सभी प्रत्याशी छात्राओं को अपनी पर्ची देते नजर आए तो आरजेडी से अध्यक्ष पद के उम्मीदवार संटू ने एबीपी न्यूज़ से बात करते हुए कहा कि विधानसभा में भले हमारी पार्टी पीछे हो गई लेकिन छात्र संघ चुनाव में हम लोग जीत सुनिश्चित करेंगे.

संटू ने कहा, ”हम यूनिवर्सिटी में छात्रों के हित के लिए पहले से भी कई तरह के काम करते रहे हैं. छात्र-छात्राएं मेरे काम को अच्छी तरह से जानते हैं. इसी को देखते हुए पार्टी ने हमें टिकट दिया है. पटना वीमेंस कॉलेज में करीब 4000 वोटर्स हैं इसलिए इस कॉलेज पर सब की नजरें टिकी रहती है और हम लोग भी प्रचार प्रसार करने के लिए प्रतिदिन यहां आते हैं.”

‘तेजस्वी यादव का जादू छात्रों के बीच चलेगा’

उन्होंने आगे कहा कि हमारे नेता तेजस्वी यादव ने 17 महीने में जो काम किया वह बिहार की जनता जानती है लेकिन विपक्ष के लोग दूसरे तरीके से चुनाव जीत गए लेकिन छात्र संघ चुनाव में ऐसा नहीं होने वाला है. तेजस्वी यादव का जादू छात्रों के बीच चलेगा. हर छात्र तेजस्वी यादव के रास्ते पर चल रहे हैं और इस बार अध्यक्ष पद आरजेडी को जाएगा.

हम छात्रों के भरोसे पर खरा उतरेंगे- संटू

संटू ने कहा, ”हमारे काम को देखते हुए हमारे नेता ने हमें टिकट दिया है और हम इस भरोसे पर खरा उतरेंगे. हमें सभी कॉलेजों में सपोर्ट मिल रहा है. पटना वीमेंस कॉलेज में तो समस्या कम है लेकिन अन्य कॉलेजों की स्थिति बद से बदतर है, हम उसे सुधारने का काम करेंगे.”

‘मोमो-बर्गर खिलाकर वोट लेने वालों से बचें’

वहीं, पटना वीमेंस कॉलेज की छात्रा संध्या कुमारी ने कहा, ”मैंने खुद काउंसलर पद के लिए नामांकन किया लेकिन बड़े पद अध्यक्ष, उपाध्यक्ष , महासचिव, सचिव और कोषाध्यक्ष के लिए ऐसा कैंडिडेट चाहिए जो मोमो-बर्गर खिलाकर वोट नहीं ले. जिनका मुद्दा अच्छा हो, जो लड़कियों के प्रॉब्लम को सॉल्व करे, लड़कियों के लिए आवाज उठाये और जो जात-पात से उठकर वोट मांगे, ऐसे लोगों को हम वोट करेंगे और मुझे ऐसा ही कैंडिडेट चाहिए.” 

वहीं, उपाध्यक्ष पद के निर्दलीय कैंडिडेट आदित्य राज ने कहा कि समर्थन उन सभी कैंडिडेट के लिए है जो कैंपस में रहकर छात्रों को हित के लिए काम करते हैं. जो छात्र-छात्राओं के लिए कैंपस में रहकर उसके लिए लड़ेगा उसको वोट जाना चाहिए. पार्टी बैनर नहीं है, जो बड़े-बड़े पार्टी से टिकट लेकर आते हैं, वह चाऊमीन और मोमो खिलाकर वोट लेते हैं उनसे छात्राओं को बचना चाहिए.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!