आजमगढ़

Azamgarh News: बच्चों के बेहतर भविष्य के संकल्प के साथ बीआरसी पटवध कौतुक पर ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं प्रशिक्षण संपन्न

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ शिक्षा क्षेत्र बिलरियागंज अंतर्गत बीआरसी केंद्र पटवध कौतुक पर सोमवार को शिक्षा की गुणवत्ता सुधार और विद्यालयों को सशक्त बनाने के उद्देश्य से ग्राम प्रधानों एवं प्रधानाध्यापकों की ब्लॉक स्तरीय संगोष्ठी एवं उन्मुखीकरण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसके साथ ही विद्यालय प्रबंध समिति (एसएमसी) के अध्यक्ष एवं सचिवों का ब्लॉक स्तरीय प्रशिक्षण भी सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। कार्यक्रम का वातावरण शिक्षण सुधार के संकल्प, सहभागिता और उत्साह से ओत-प्रोत रहा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डायट प्राचार्य एवं उप शिक्षा निदेशक श्री अमरनाथ राय तथा विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक उपस्थित रहे। वहीं डायट प्रवक्ता श्री विनय आनंद ने भी कार्यक्रम में सहभागिता करते हुए शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने पर अपने विचार साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं धूप-दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। खंड शिक्षा अधिकारी जगदीश यादव ने मुख्य एवं विशिष्ट अतिथियों का माल्यार्पण, अंगवस्त्र एवं बुके भेंट कर सम्मानपूर्वक स्वागत किया। इसके साथ ही ब्लॉक संसाधन केंद्र के एसआरजी एवं समस्त कर्मचारियों द्वारा आगंतुकों का आत्मीय अभिनंदन किया गया।
कार्यक्रम को भावनात्मक और सांस्कृतिक रंग तब मिला जब विद्यालय के बच्चों ने स्वागत गीत “घर आए अतिथियों के सिरताज हैं” प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया। वहीं एक अध्यापिका द्वारा भोजपुरी भाषा में भगवान शिव की भक्ति गीत प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को भक्तिमय और भावुक बना दिया, जिससे उपस्थित जनसमूह भाव-विभोर हो उठा।
अपने संबोधन में मुख्य अतिथि श्री अमरनाथ राय ने कहा कि ऐसे कार्यक्रम प्रतिमाह इसलिए आयोजित किए जाते हैं ताकि विद्यालय प्रबंध समिति, ग्राम प्रधान, अभिभावक, सभासद और प्रधानाध्यापक मिलकर शासन द्वारा निर्धारित 19 मानक पैरामीटर को विद्यालयों में प्रभावी रूप से लागू कर सकें। उन्होंने कहा कि जब विद्यालय, समाज और अभिभावक एक साथ मिलकर कार्य करेंगे, तभी बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण, सुविधाएं और उज्ज्वल भविष्य मिल सकेगा।
विशिष्ट अतिथि जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी राजीव पाठक ने शिक्षा को सामाजिक जिम्मेदारी बताते हुए कहा कि विद्यालय केवल पढ़ाई का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के व्यक्तित्व निर्माण की आधारशिला हैं। उन्होंने सभी से विद्यालयों को आदर्श बनाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में ब्लॉक क्षेत्र के सभी विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, बीआरसी कर्मचारी, एसएमसी पदाधिकारी एवं अभिभावक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। कार्यक्रम का प्रभावी एवं रोचकक संचालन अरविंद सिंह द्वारा किया गया, जिन्होंने अपनी सशक्त प्रस्तुति और संवाद शैली से कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए।
संगोष्ठी का समापन बच्चों के सर्वांगीण विकास और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ, जिसमें शिक्षा को जनभागीदारी से मजबूत बनाने का संदेश प्रमुख रूप से उभरकर सामने आया।

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!