आजमगढ़

Azamgarh News: सीएमओ ने बच्चों को टीका लगवाकर एमआर टीकाकरण अभियान का किया शुभारंभ

आजमगढ़ बलरामपुर से बबलू राय

आजमगढ़ जनपद में खसरा-रूबेला (एमआर) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एन. आर. वर्मा द्वारा श्री गया सिंह प्राथमिक विद्यालय, पांडेयबाजार (निकट शहरी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र दलसिंगार) में किया गया। इस दौरान उन्होंने कक्षा-2 के छात्र प्रियांशु एवं कक्षा-1 की छात्रा रिद्धि सहित कई बच्चों को टीका लगवाकर अभियान की औपचारिक शुरुआत की।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि एमआर टीकाकरण अभियान 16 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक पूरे जनपद में संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत कक्षा 1 से 5 तक के 5 से 10 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को खसरा-रूबेला का टीका लगाया जा रहा है। इसके लिए सरकारी एवं निजी विद्यालयों, मदरसों तथा अन्य शिक्षण संस्थानों के साथ-साथ चिन्हित स्थलों पर विशेष टीकाकरण सत्र आयोजित किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक बच्चों को अभियान से जोड़ा जा सके।
उन्होंने निजी विद्यालयों की अपेक्षाकृत कम सहभागिता पर खेद व्यक्त करते हुए कहा कि यह अभियान बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षित भविष्य से जुड़ा अत्यंत महत्वपूर्ण कार्यक्रम है। उन्होंने बेसिक शिक्षा विभाग एवं अल्पसंख्यक विभाग से अपेक्षा की कि निजी विद्यालयों की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित कराने के लिए विशेष प्रयास किए जाएँ, जिससे कोई भी बच्चा टीकाकरण से वंचित न रह जाए।
अभियान के दौरान सीएमओ ने बच्चों से संवाद कर यह भी सुनिश्चित किया कि उन्होंने टीकाकरण से पूर्व भोजन किया है या नहीं। उन्होंने प्रशिक्षित एएनएम द्वारा अपने समक्ष बच्चों का टीकाकरण कराते हुए अभिभावकों को टीके की सुरक्षा, उपयोगिता और महत्व की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर जिला प्रतिरक्षण अधिकारी एवं एडिशनल सीएमओ डॉ. अब्दुल अज़ीज़, एडिशनल सीएमओ डॉ. उमाशरण पांडेय, विद्यालय की प्राचार्य, प्रभारी प्रचार-प्रसार मनीष तिवारी, यूनिसेफ-यूएनडीपी प्रतिनिधि गुफरान अहमद व पूनम शुक्ला, सहायक शोध अधिकारी हरिलाल तथा एनएचएम शहरी समन्वयक प्रशांत सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
नोडल अधिकारी डॉ. अब्दुल अज़ीज़ ने बताया कि मदरसों में अवकाश होने के कारण वहाँ पूर्व में विशेष सत्र आयोजित कर अधिकांश बच्चों का टीकाकरण किया जा चुका है।
मुख्य चिकित्साधिकारी ने अभिभावकों, विद्यालय प्रबंधन एवं जनसामान्य से अपील की कि वे बच्चों को निर्धारित तिथि एवं सत्र स्थल पर अवश्य भेजें, ताकि उन्हें खसरा-रूबेला जैसी गंभीर बीमारियों से सुरक्षित रखा जा सके।

 

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!