दिल्ली में 4 दिन ‘ट्रैफिक लॉकडाउन’! कई रूट डायवर्ट तो कुछ स्कूल भी रहेंगे बंद, जानें वजह

दिल्ली में 16 से 20 फरवरी तक होने जा रहे एआई समिट को लेकर राजधानी में तैयारियां जोरों पर है. कार्यक्रम स्थल भारत मंडपम के आसपास और लुटियंस दिल्ली के बड़े हिस्से में दिल्ली पुलिस और ट्रैफिक पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है. वजह साफ है, इन 4 दिनों में वीवीआईपी आवाजाही काफी ज्यादा रहेगी, इसलिए कई अहम सड़कों पर डायवर्जन और पाबंदियां लगेंगी.
5 किलोमीटर दायरे के 34 स्कूल होंगे प्रभावित
भारत मंडपम के 5 किलोमीटर के दायरे में कुल 34 स्कूल आते हैं. ट्रैफिक प्लान का असर इन सभी पर पड़ेगा. ट्रैफिक पुलिस के अतिरिक्त आयुक्त दिनेश कुमार गुप्ता के अनुसार, बच्चों की आवाजाही में दिक्कत न हो, इसके लिए शिक्षा विभाग और ट्रैफिक पुलिस की तरफ से नोडल अधिकारी तैनात किए जाएंगे.
इन 34 स्कूलों में से 10 स्कूल बोर्ड परीक्षा केंद्र हैं. यहां करीब 2,943 छात्र परीक्षा देने पहुंचेंगे. चूंकि कुछ स्कूल वीवीआईपी रूट के बिल्कुल नजदीक हैं, इसलिए वहां ट्रैफिक का दबाव ज्यादा रहने की आशंका है.
बाकी 24 स्कूलों के आसपास भी जाम या धीमी रफ्तार की समस्या आ सकती है. प्रशासन का कहना है कि छात्रों को समय पर परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने के लिए अलग से व्यवस्था की जा रही है.
स्कूलों को एडवाइजरी, ऑनलाइन क्लास पर भी विचार
शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रभावित स्कूलों को सर्कुलर जारी किया है. इसमें कहा गया है कि वे ट्रैफिक पुलिस के साथ तालमेल बनाकर रखें और जरूरत पड़े तो वैकल्पिक व्यवस्था करें.
कुछ स्कूल एहतियात के तौर पर नियमित कक्षाएं ऑनलाइन कराने पर भी विचार कर रहे हैं, ताकि बच्चों और अभिभावकों को परेशानी न झेलनी पड़े. हालांकि परीक्षा केंद्रों के लिए ऑफलाइन व्यवस्था ही रहेगी, लेकिन वहां पहुंचने के लिए समय से पहले निकलने की सलाह दी गई है.
बड़े होटलों के आसपास बढ़ेगी हलचल
समिट में देश-विदेश से आने वाले प्रतिनिधियों के ठहरने के लिए राजधानी के कई प्रमुख होटल बुक किए गए हैं. इनमें ओबेरॉय नई दिल्ली, ताज महल होटल, क्लेरिज, ले मेरिडियन, होटल इंपीरियल, लीला पैलेस नई दिल्ली, ताज पैलेस नई दिल्ली, आईटीसी मौर्या, हयात रीजेंसी और होटल अशोक शामिल हैं. इन होटलों के आसपास भी सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहेंगे और ट्रैफिक सामान्य दिनों की तुलना में ज्यादा प्रभावित हो सकता है.
इन रास्तों पर रहेगा असर
ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, मथुरा रोड पर चिड़ियाघर से तिलक मार्ग के बीच यातायात पर असर पड़ सकता है. यहां से गुजरने वाले लोग सराय काले खां–आश्रम होते हुए रिंग रोड या लाला लाजपत राय मार्ग का इस्तेमाल कर सकते हैं. सुब्रमण्यम भारती मार्ग पर चलने वालों को आर्कबिशप मार्केरियस मार्ग या महर्षि रमन मार्ग लेने की सलाह दी गई है.
भैरों मार्ग से आने-जाने वालों के लिए रिंग रोड (आईटीओ–आश्रम सेक्शन) और प्रगति मैदान टनल बेहतर विकल्प बताए गए हैं. राजेश पायलट मार्ग पर भी आवाजाही सीमित रह सकती है. ऐसे में सफदरजंग मार्ग या अरबिंदो मार्ग से होकर जाने की सलाह दी गई है.
लुटियंस दिल्ली की कई सड़कों पर रहेगा दबाव
अकबर रोड, तीन मूर्ति मार्ग, मदर टेरेसा क्रेसेंट, सरदार पटेल मार्ग, जनपथ, फिरोज शाह रोड, शांति पथ, सत्य मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, सी-हेक्सागन, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, महात्मा गांधी मार्ग (भीकाजी कामा प्लेस से मोती बाग फ्लाईओवर तक) और सिकंदर रोड पर भी ट्रैफिक व्यवस्था बदली रहेगी.
वैकल्पिक मार्गों में मोतीलाल नेहरू मार्ग, दारा शिकोह मार्ग, तालकटोरा रोड, सैन मार्टिन मार्ग, टॉलस्टॉय मार्ग, बाबा खड़क सिंह मार्ग, बहादुर शाह जफर मार्ग, नीति मार्ग, न्याय मार्ग, आरटीआर मार्ग, लोधी रोड, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, दीन दयाल उपाध्याय मार्ग और मान सिंह रोड शामिल हैं.
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले ट्रैफिक अपडेट जरूर देख लें और संभव हो तो मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें. खासकर परीक्षा देने जा रहे छात्र समय से पहले घर से निकलें. 4 दिन तक राजधानी के इस हिस्से में ट्रैफिक थोड़ा बदला-बदला रहेगा, लेकिन प्रशासन का दावा है कि बेहतर समन्वय से आम लोगों को कम से कम दिक्कत हो, इसका पूरा ध्यान रखा जाएगा.



