Delhi Weather: दिल्ली में बढ़ती गर्मी के बीच फिर होगी बारिश! तापमान में आएगी गिरावट, जानें IMD का अपडेट

दिल्ली एनसीआर में बढ़ती गर्मी के बीच राहत की खबर है. भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक जाती हुई सर्दी के बीच एक बार फिर राजधानी में बारिश देखने को मिल सकता है. विभाग का कहना है कि 18 फरवरी को दिल्ली एनसीआर में बारिश होने की संभावना है. यह बदलाव 16 से 21 फरवरी के बीच दर्ज किया जाएगा और तापमान में हल्की गिरावट देखी जा सकती है.
बता दें दिल्ली एनसीआर में 17 और 18 फरवरी के बीच बारिश की संभावना पहले ही जताई गई थी, जिस पर अब विभाग ने मुहर लगा दी है. 18 फरवरी को हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान जारी किया गया है. बारिश के बाद अधिकतम और न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है. विभाग के अनुसार अधिकतम तापमान 28 से 29 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 13 से 14 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है.
16 फरवरी को धुंध और नमी का असर
मौसम विभाग ने 16 फरवरी को हल्की धुंध रहने का अनुमान जताया है. अधिकतम तापमान 28 डिग्री और न्यूनतम तापमान 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है. सुबह 8:30 बजे सापेक्ष आर्द्रता 89 प्रतिशत दर्ज की गई, जो शाम 5:30 बजे घटकर 45 प्रतिशत रह गई. हवाओं की रफ्तार भी बढ़कर 19 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच गई है.
21 फरवरी तक कैसा रहेगा मौसम?
16 से 21 फरवरी के बीच तापमान में बड़ा उतार-चढ़ाव नहीं होगा, लेकिन 18 फरवरी की बारिश के बाद दिन के तापमान में हल्की कमी दर्ज की जा सकती है. बारिश से पहले अधिकतम तापमान 29 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. बारिश के बाद यह घटकर 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास आ जाएगा. रात का तापमान 15 डिग्री सेल्सियस से नीचे बना रह सकता है, जिससे हल्की ठंड का असर जारी रहेगा.
प्रदूषण और सर्दी का मिला-जुला असर
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के अनुसार शून्य से 50 के बीच एक्यूआई अच्छा, 51 से 100 संतोषजनक और 101 से 200 मध्यम माना जाता है. 201 से 300 खराब, 301 से 400 बेहद खराब और 401 से 500 गंभीर श्रेणी में आता है.
तेज हवाओं के कारण दिन में धूप के बावजूद हल्की ठंड महसूस की जा रही है. ऐसे में कहा जा सकता है कि जाते-जाते सर्दी दिल्ली एनसीआर को एक बार फिर हल्का झटका दे सकती है और मौसम में बदलाव साफ दिखाई देगा.



