राज्य

बवाना में पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़, लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े थे तीनों शूटर, हथियार बरामद

दिल्ली के बवाना इलाके में सोमवार (9 फरवरी) सुबह उस समय अफरा-तफरी का माहौल हो गया, जब पुलिस और वांटेड बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई. आउटर नॉर्थ जिले की स्पेशल टीम को सूचना मिली थी कि कुछ शूटर मुनक नहर के आसपास छिपे हुए हैं. इनपुट को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने इलाके में सघन घेराबंदी कर ऑपरेशन शुरू किया. कार्रवाई को पूरी तरह गोपनीय रखा गया ताकि बदमाशों को भागने का मौका न मिले.

मुनक नहर के पास घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने की फायरिंग

पुलिस टीम ने जब संदिग्धों को रुकने का इशारा किया तो उन्होंने भागने की कोशिश की. इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस पर गोलियां चला दीं. हालात को देखते हुए पुलिस को आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करनी पड़ी. दोनों ओर से करीब चार राउंड फायरिंग हुई. मुठभेड़ में एक बदमाश के पैर में गोली लगी, जबकि तीन शूटरों को मौके पर ही काबू कर लिया गया. घायल आरोपी को तुरंत इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

पुलिस जांच में सामने आया है कि पकड़े गए तीनों शूटर बवाना इलाके में हाल ही में हुई एक कारोबारी की हत्या में शामिल थे. इस वारदात में कारोबारी को सरेआम दौड़ाकर गोलियां मारी गई थीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई थी. हत्या के बाद सोशल मीडिया पर कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़े रणदीप मलिक और अनिल पंडित ने घटना की जिम्मेदारी ली थी. तभी से पुलिस इन शूटरों की तलाश में लगातार दबिश दे रही थी.

पुलिस ने किए हथियार बरामद, गैंग नेटवर्क की जांच भी तेज

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपियों के पास से अवैध हथियार और अन्य आपत्तिजनक सामान बरामद किया है. अब तीनों शूटरों से गहन पूछताछ की जा रही है. पुलिस का फोकस यह पता लगाने पर है कि गैंग को हथियार कहां से मिल रहे थे और हाल के दिनों में किन-किन वारदातों की साजिश रची गई थी. जांच के दायरे में गैंग के अन्य सदस्यों और उनके ठिकानों को भी लिया गया है.

इस ताजा मुठभेड़ ने दिल्ली में बढ़ रही गैंगवार की घटनाओं पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं. हाल ही में केएन काटजू मार्ग इलाके में साहिल सोलंकी नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. उस मामले में भी गैंग कनेक्शन की आशंका जताई जा रही है. लगातार सामने आ रही इन वारदातों ने कानून व्यवस्था को लेकर बहस तेज कर दी है. फिलहाल दिल्ली पुलिस पूरे नेटवर्क को ध्वस्त करने के दावे के साथ अन्य संदिग्धों की तलाश में जुटी है और आने वाले दिनों में और खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!