महाशिवरात्रि पर सीएम पुष्कर सिंह धामी ने किया जलाभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की

महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वनखंडी महादेव मंदिर, चकरपुर (खटीमा) में भगवान शिव के दर्शन कर विधि-विधान से पूजा-अर्चना की. शिवभक्ति से ओतप्रोत इस शुभ अवसर पर मुख्यमंत्री ने जलाभिषेक कर देवाधिदेव महादेव का आशीर्वाद प्राप्त किया. साथ ही प्रदेशवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की.
मंदिर परिसर में भक्ति और आस्था का विशेष वातावरण देखने को मिला, जहां श्रद्धालुओं की भी बड़ी संख्या मौजूद रही. मुख्यमंत्री ने पूजा के दौरान राज्य की उन्नति, विकास और खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की. इस धार्मिक अवसर पर स्थानीय लोगों और भक्तों ने मुख्यमंत्री के साथ मिलकर भोलेनाथ की आराधना की. जिससे पूरे क्षेत्र में आध्यात्मिक और भक्तिमय माहौल बन गया.
मंदिर परिसरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़
महाशिवरात्रि के अवसर पर मंदिर परिसर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही. ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष के बीच मुख्यमंत्री ने शिवलिंग पर जल, दूध और बेलपत्र अर्पित किए. इस दौरान मंदिर को फूलों और आकर्षक सजावट से सुसज्जित किया गया था. सुरक्षा व्यवस्था के भी पुख्ता इंतजाम किए गए थे. मंदिर परिसर में आने वाले श्रदालुओं का विशेष ध्यान रखा जा रहा था. मंदिर में आए सभी श्रदालुओं को प्रसाद वितरण किया गया.
शिव और शक्ति की आराधना का प्रतीक है महाशिवरात्रि- सीएम धामी
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि महाशिवरात्रि का पर्व शिव और शक्ति की आराधना का प्रतीक है. यह दिन हमें आध्यात्मिक चेतना, आत्मसंयम और सकारात्मक ऊर्जा की प्रेरणा देता है. उन्होंने कामना की कि भगवान भोलेनाथ की कृपा से प्रदेश निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हो और सभी नागरिकों के जीवन में खुशहाली बनी रहे. उन्होंने प्रदेशवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह पावन पर्व सामाजिक समरसता, भाईचारे और एकता का संदेश देता है. मुख्यमंत्री ने सभी से पर्व को श्रद्धा, आस्था और शांति के साथ मनाने की अपील की.
महाशिवरात्रि के अवसर पर प्रदेशभर के शिवालयों में विशेष पूजा-अर्चना और रुद्राभिषेक का आयोजन किया गया. जहां हजारों श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद प्राप्त किया. मंदिरों के परिसर में सुबह से ही श्रदालुओं की भीड़ थी. लोग मंदिर के नियमों का पालन कर पूजा करते नजर आए.
ये भी पढ़िए- राजस्थान: राइट टू हेल्थ स्कीम पर संकट! 8 करोड़ लोगों की सेहत को लेकर सरकार और विपक्ष में तकरार



