मुजफ्फरनगर: महाशिवरात्रि को लेकर कांवड़ मार्ग पर फ्लैग मार्च, सुरक्षा के कड़े इंतजाम, CCTV से होगी निगरानी

महाशिवरात्रि के पावन पर्व से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जनपद में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड पर दिखाई दिया. श्रद्धालुओं की आस्था, सुरक्षा और शांतिपूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सहारनपुर रेंज के डीआईजी ने पुलिस अधिकारियों के साथ कांवड़ मार्ग पर व्यापक फ्लैग मार्च किया. इस दौरान नगर के प्रमुख मार्गों पर भारी पुलिस बल की तैनाती रही, वहीं डॉग स्क्वॉड और बम निरोधक दस्ते की मौजूदगी ने सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया.
प्रशासन द्वारा संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है और सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी की जाएगी. ताकि किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना को समय रहते रोका जा सके. पुलिस प्रशासन ने आमजन से सहयोग और शांति बनाए रखने की अपील भी की है.
प्रमुख मंदिरों और शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात
महाशिवरात्रि के मद्देनजर शहर के प्रमुख मंदिरों और शिवालयों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है. खासकर शिव चौक क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ाई गई है, जहां से बड़ी संख्या में कांवड़िए परिक्रमा कर आगे बढ़ते हैं. हर साल से गंगाजल लेकर लौटने वाले श्रद्धालु राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों की ओर जाते समय मुजफ्फरनगर से होकर गुजरते हैं. ऐसे में कांवड़ मार्ग की सुरक्षा को लेकर प्रशासन अलर्ट मोड पर है.
पूरे कांवड़ मार्ग की निगरानी सीसीटीवी कैमरों के जरिए की जा रही है. पुलिस लाइन स्थित कंट्रोल रूम से लगातार मॉनिटरिंग हो रही है. महिलाओं की सुरक्षा के लिए एंटी रोमियो स्क्वॉड और महिला पुलिसकर्मियों की विशेष ड्यूटी लगाई गई है.
शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा पर्व- अभिषेक सिंह
सहारनपुर रेंज डीआईजी अभिषेक सिंह ने बताया कि सहारनपुर परिक्षेत्र में महाशिवरात्रि को लेकर सभी व्यवस्थाएं चाक-चौबंद हैं. डाक कांवड़ की रफ्तार बढ़ रही है और रात से जलाभिषेक के लिए लंबी लाइन लगने की संभावना है. उन्होंने कहा कि पुलिस की सभी टीमें मैदान में तैनात रहेंगी और पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराया जाएगा.
ये भी पढ़िए- Akshara Singh: तेज प्रताप यादव की अक्षरा सिंह ने खूब की तारीफ, धन्यवाद दिया, कहा- ‘वे बहुत…’



