West Bengal Elections 2026: ‘बंगाल के लोगों को भूखा मारना चाहती है मोदी सरकार’, अभिषेक बनर्जी ने केंद्र पर निशाना, कहा- झूठ बोला तो भेज दो मुझे जेल

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) के महासचिव और सांसद अभिषेक बनर्जी ने रविवार (5 अप्रैल, 2026) को केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार पर कई आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनावों में जीतकर TMC बार-बार पश्चिम बंगाल की सत्ता में आई है, इसलिए केंद्र सरकार ने यहां के लोगों को भूखा मारने के लिए पिछले पांच सालों से राज्य का बकाया रोक रखा है.
केंद्र ने राज्य का एक लाख करोड़ से ज्यादा बकाया रोकाः अभिषेक
न्यूज एजेंसी पीटीआई के मुताबिक, पूर्व बर्धमान जिले के रैना में एक चुनावी रैली को संबोधित करते हुएअभिषेक बनर्जी ने कहा कि अगर वह झूठ बोल रहे हैं तो बीजेपी सबूतों के साथ उनका खंडन करे और उन्हें जेल भेज दे. उन्होंने कहा, ‘केंद्र ने राज्य की परियोजनाओं के लिए एक लाख करोड़ रुपये से ज्यादा का बकाया अभी तक जारी नहीं की है. उसने ऐसा पश्चिम बंगाल के गरीब लोगों को भूखा मारने के लिए किया है, क्योंकि बंगाल के लोगों ने लगातार विधानसभा चुनावों में तृणमूल कांग्रेस को सत्ता में पहुंचाया है.’
ममता बनर्जी ने सभी मुश्किलों को डटकर किया सामनाः अभिषेक
पश्चिम बंगाल के डायमंड हार्बर सीट से लोकसभा सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा, ‘केंद्र ने चाहे कितनी ही मुश्किलें क्यों न खड़ी की हों, लेकिन मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस चुनौती का डटकर सामना किया और ग्रामीण रोजगार के लिए कर्मश्री, आवास के लिए बंग्लार बारी और पेयजल आपूर्ति परियोजनाओं जैसी योजनाओं को राज्य के अपने संसाधनों से चलाया है.’
उन्होंने कहा, ‘TMC हमेशा आपके चेहरे पर मुस्कान देखना चाहती है, जबकि मोदी आपकी आंखों में आंसू देखना चाहते हैं क्योंकि आपने लगातार चुनावों में बीजेपी को नकार दिया है.’ उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि आपको भूखा मारने की इस साजिश रचने के लिए आप बंगाल विरोधी पार्टी को मुंहतोड़ जवाब दें.
यह भी पढ़ेंः Assam Assembly Elections 2026: ‘हिमंता बिस्वा सरमा की वाइफ के पास 3 पासपोर्ट कैसे?’ कांग्रेस के आरोपों पर भड़के असम CM, कहा- 48 घंटे के भीतर…



