Azamgarh news :वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में महाशिवरात्रि पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया


आजमगढ़ ब्यूरो चीफ राकेश श्रीवास्तव
आज आईकॉनिक स्कूल ऑफ़ आजमगढ़ वेदांता इंटरनेशनल स्कूल में महाशिवरात्रि का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा एवं उत्साह के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह द्वारा मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।
इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा आकर्षक शिव बारात निकाली गई, जिसमें महादेव दूल्हा के रूप में तथा भूत-प्रेत व गण बाराती के रूप में सजे बच्चों ने सभी का मन मोह लिया। शिव बारात के पश्चात शिव-पार्वती विवाह का मंचन अत्यंत प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया।
कार्यक्रम में शिव के रूप में रुद्रांश गौड़ तथा पार्वती के रूप में ईशानवी ने प्रभावशाली भूमिका निभाई। बच्चों की प्रस्तुति ने उपस्थित सभी अभिभावकों एवं शिक्षकों को भाव-विभोर कर दिया।
प्रबंध निदेशक शिव गोविंद सिंह ने विद्यार्थियों को महाशिवरात्रि के महत्व के बारे में विस्तार से बताते हुए कहा कि यह पर्व आस्था, संयम, भक्ति और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक है। उन्होंने बच्चों को भगवान शिव के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का संदेश दिया।
कार्यक्रम को आरती सिंह ने कुमकुम दुबे, उजाला गुप्ता, सुप्रिया राय, अर्जुन के सहयोग से सफल बनाया। जिसमें रमन सहित समस्त शिक्षकों का विशेष yigdan रहा।
शिव बारात को सुरक्षित रूप से निकालने, शिव मंदिर तक जाने और वापस लाने में बनकट पुलिस चौकी का सराहनीय योगदान रहा। विद्यालय परिवार ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रबंध निदेशक श्री गोविंद सिंह ने सभी विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों एवं बनकट पुलिस चौकी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए सभी की सराहना की।
इस अवसर पर विद्यालय परिसर भक्ति, उत्साह और सांस्कृतिक उल्लास से ओत-प्रोत रहा।



