MBM यूनिवर्सिटी में हड़कंप, परीक्षा के दौरान 60 मोबाइल जब्त, खिड़कियों और डेस्क पर मिले फोन

राजस्थान के प्रतिष्ठित एमबीएम (MBM) विश्वविद्यालय में बीई द्वितीय सेमेस्टर की मिड-टर्म परीक्षा के दौरान उस वक्त सनसनी फैल गई, जब औचक निरीक्षण में भारी संख्या में मोबाइल फोन पकड़े गए. मैकेनिकल इंजीनियरिंग विभाग की इस परीक्षा में विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ही पेपर में 60 से अधिक मोबाइल फोन जब्त किए हैं.
जानकारी के अनुसार, ‘एलीमेंट्स ऑफ मैकेनिकल इंजीनियरिंग’ विषय की परीक्षा चल रही थी. तभी विभाग के डीन और वरिष्ठ शिक्षकों की टीम कमरों के निरीक्षण के लिए पहुँची. टीम उस वक्त हैरान रह गई जब छात्रों के पास और आसपास मोबाइल फोनों की भरमार मिली. कई मोबाइल तो चालू हालत में पाए गए, जिससे बड़े स्तर पर नकल की आशंका गहरा गई है.
खिड़कियों और टेबल पर रखे मिले फोन
निरीक्षण के दौरान नियमों की जमकर धज्जियां उड़ती देखी गईं. छात्र इतने लापरवाह थे कि मोबाइल फोन डेस्क पर, खिड़कियों के पास और खुलेआम रखे हुए थे. विश्वविद्यालय के इतिहास में संभवतः यह पहला मौका है जब एक ही शिफ्ट की परीक्षा में इतनी बड़ी संख्या में मोबाइल बरामद हुए हैं.
छात्रों का अजीबोगरीब तर्क: ‘पूछकर रखे थे फोन’
कार्रवाई के बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन भी किया. छात्रों का दावा है कि उन्होंने परीक्षा केंद्र में मौजूद वीक्षक (Invigilator) से अनुमति लेने के बाद ही मोबाइल सामने रखे थे. छात्रों ने आरोप लगाया कि प्रशासन ने बिना उनकी बात सुने सीधे फोन जब्त कर लिए, जो कि गलत है.
प्रशासन का कड़ा रुख: कमेटी करेगी फैसला
छात्रों के तर्कों को खारिज करते हुए विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया कि परीक्षा हॉल के भीतर मोबाइल लाना ही नियमों का उल्लंघन है. प्रशासन ने कहा है कि मुख्य परीक्षा हो या मिड-टर्म, अनुशासन से कोई समझौता नहीं होगा. अगली कार्रवाई: जब्त किए गए मोबाइल फिलहाल प्रशासन के पास रहेंगे. एक विशेष कमेटी छात्रों का पक्ष सुनेगी और उसके बाद ही फोन लौटाने या कार्रवाई करने पर निर्णय लिया जाएगा.



