राज्य

जोधपुर: साध्वी प्रेम बाईसा की मौत मामले में विसरा रिपोर्ट का इंतजार, इंजेक्शन के बाद बिगड़ी थी तबीयत!

जोधपुर चर्चित साध्वी प्रेम बाईसा की रहस्यमयी मौत को लेकर सस्पेंस अब भी बरकरार है. 28 जनवरी की शाम साध्वी प्रेम बाईसा को इंजेक्शन लगाए जाने के बाद अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई थी, जिसके कुछ ही समय बाद उनकी मौत हो गई. इस अप्रत्याशित मौत के बाद सोशल मीडिया पर न्याय की मांग करते हुए मैसेज वायरल हुए, जिसके चलते मामला सुर्खियों में आ गया.

मौत के कारणों की गहन जांच और साध्वी प्रेम बाईसा को न्याय दिलाने के उद्देश्य से जोधपुर पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. एसआईटी इस पूरे मामले की हर एंगल से जांच कर रही है.

हत्या, आत्महत्या या साजिश?

सबसे बड़ा सवाल यही है कि साध्वी प्रेम बाईसा की मौत किन कारणों से हुई? इसके साथ उठने वाले कुछ और सवाल है जैसे- क्या यह साजिशन हत्या है? क्या यह आत्महत्या का मामला है? या फिर इलाज में लापरवाही से हुई मौत? इन सभी सवालों के जवाब अब विसरा रिपोर्ट पर टिके हैं, जिसे जांच में निर्णायक कड़ी माना जा रहा है. हालांकि विसरा रिपोर्ट आने में अभी समय लग सकता है.

37 लोगों से हो चुकी है पूछताछ

एसआईटी टीम की इंचार्ज छवि शर्मा ने बताया कि अब तक इस मामले में 37 लोगों से पूछताछ की जा चुकी है. इनमें आश्रम से जुड़े लोग, घटना के समय मौजूद व्यक्ति और साध्वी प्रेम बाईसा के करीबी शामिल हैं.

उन्होंने बताया कि साध्वी प्रेम बाईसा के सोशल मीडिया अकाउंट को संभालने वाली टीम से भी पूछताछ की गई है, जिसमें कुछ रिश्तेदार भी शामिल हैं. पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं साध्वी पर किसी प्रकार का दबाव, धमकी या किसी तरह की मांग तो नहीं की जा रही थी.

कंपाउंडर से दोबारा पूछताछ

एसआईटी इंचार्ज के अनुसार, साध्वी प्रेम बाईसा को अंतिम बार इंजेक्शन लगाने वाले कंपाउंडर देवी सिंह से दोबारा पूछताछ की जा रही है. कंपाउंडर ने पहले दावा किया था कि उसने डॉक्टर की पर्ची देखकर ही इंजेक्शन लगाया, लेकिन अब वह इस संबंध में संतोषजनक जवाब नहीं दे पा रहा है.

जांच के दायरे में सोशल मीडिया

पुलिस साध्वी प्रेम बाईसा के सोशल मीडिया अकाउंट्स को भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि क्या उन्हें किसी तरह से डराया या धमकाया जा रहा था, या फिर किसी प्रकार का मानसिक दबाव बनाया जा रहा था. एसआईटी का कहना है कि विसरा रिपोर्ट आते ही जांच को स्पष्ट दिशा मिलेगी और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. पुलिस का दावा है कि साध्वी प्रेम बाईसा की रहस्यमयी मौत से जल्द पर्दा उठेगा.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!