निषाद पार्टी नेता मिठाई लाल निषाद ने की CM योगी से मुलाकात, मुख्यमंत्री के सामने रखी कई मांगें

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य ने शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने प्रदेश के विकास की गति को और तेज करने के लिए उनके समक्ष कुछ महत्वपूर्ण मांगें रखीं.
उन्होंने भदोही, मिर्जापुर, प्रयागराज में सड़क निर्माण और विकास कार्य को लेकर नये सड़क बनाने और मिर्जापुर के कुछ गांव से उपरोक्त जिले में आने जाने के लिये सरकारी बस चलाने की मांग की. वहीं सड़कों के निर्माण में धांधली कर मुख्यमंत्री की छवि खराब करने वाले कुछ अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई की भी मांग की.
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मुख्यमंत्री आवास पर बृहस्पतिवार 5 फरवरी को निषाद पार्टी (निर्बल भारतीय शोषित हमारा आम दल) के राष्ट्रीय सचिव व पार्टी में IT सेल के प्रदेश अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति-जनजाति आयोग के सदस्य मिठाई लाल निषाद ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात की.
नहर और आरसीसी सड़क निर्माण की मांग
इस मौके पर उन्होंने भदोही और ज्ञानपुर विधानसभा सहित मिर्जापुर के ग्राम पंचायत वीरपुर में नहर और RCC सड़क, टांडाफॉल और गौशाला आने जाने के लिये सड़क नहीं होने को लेकर नये सड़क मार्ग का निर्माण कराये जाने की मांग की है. उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को काफी राहत मिलेगी और उनका जीवन आसान होगा.
भ्रष्ट अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग
IT सेल के प्रदेश अध्यक्ष मिठाई लाल निषाद ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के राज में चहुंओर विकास हो रहा है, लेकिन उसी के आड़ में कुछ अधिकारी कर्मचारी गलत कार्य कर उन्हें बदनाम कर रहे हैं, पूर्वांचल में सड़कों के निर्माण और चौड़ीकरण के नाम पर कुछ अधिकारी धांधली कर रहे है जिनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है.
सरकारी बस चलाए जाने की मांग
उन्होंने विकासखंड पटेहरा कलां से डीआईजी कार्यालय होते हुए मिर्जापुर से वाराणसी और प्रयागराज आने जाने के लिये सरकारी बस चलाये जाने की मांग की, जिससे गरीब लोगों को आवागमन में सुविधा हो सके. उन्होंने अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों के लिए शिक्षा और रोजगार के अवसर बढ़ाने की भी मांग की. निषाद पार्टी के राष्ट्रीय सचिव मिठाई लाल निषाद ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार के दृढ़ नेतृत्व में प्रदेश नये नये आयाम को स्थापित कर रहा है, और यह उनके कार्यकाल का एक और सुनहरा अध्याय होगा.
उन्होंने कहा कि इस मुलाकात से उन्हें उम्मीद है कि अनुसूचित जाति-जनजाति के लोगों की समस्याओं का जल्द ही समाधान होगा और वे विकास की मुख्यधारा में शामिल होंगे ऐसी उम्मीद है. साथ ही कहा कि जो लोग मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जाती के नाम पर बदनाम कर रहे है वो गलतफहमी में जी रहे है मुख्यमंत्री के अन्दर ऐसी कोई भावना नहीं है.



