पानीपत में ‘खूंखार’ हुए घोड़े! पॉश सेक्टर में 10 लोगों को नोचा, किसी की टूटी हड्डियां कोई लहूलुहान

पानीपत शहर का सबसे वीआईपी इलाका माना जाने वाला सेक्टर-24 (वार्ड 14) इन दिनों किसी डरावनी फिल्म के मंजर में तब्दील हो गया है. यहां आवारा कुत्तों का नहीं, बल्कि ‘हिंसक’ हो चुके लावारिस घोड़ों का ऐसा तांडव देखने को मिल रहा है कि लोग अपने घरों के बाहर कदम रखने से भी कांप रहे हैं. पिछले 7 दिनों में इन बेकाबू घोड़ों ने 10 से ज्यादा लोगों पर जानलेवा हमला कर उन्हें लहूलुहान कर दिया है.
प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ितों ने बताया कि ये घोड़े सामान्य नहीं रह गए हैं, बल्कि आदमखोरों की तरह व्यवहार कर रहे हैं. हमले की भयावहता का अंदाजा इन बातों से लगाया जा सकता है कि हमले में घायल गिरिधर की हालत इतनी नाजुक थी कि उन्हें तुरंत दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा. वहीं प्रशांत शर्मा और कपिल सहित कई लोग गंभीर चोटों के कारण बिस्तर पर हैं.
घोड़ों ने लोगों को न सिर्फ काटा, बल्कि उनके शरीर के अंगों को जबड़े में भरकर हड्डियां तक चबा डालीं. एक व्यक्ति के सीने (छाती) को घोड़े ने बुरी तरह नोच लिया, जिसके बाद उसका जटिल ऑपरेशन करना पड़ा.
सुबह की सैर पर जाने समय हुआ हमला
घोड़े के हमले का शिकार हुए एक व्यक्ति ने बताया कि वे 2 फरवरी की सुबह 7 बजे सैर पर जा रहे थे तभी दो घोड़े सामने से गुजर रहे थे जिनमें से एक ने आक्रामक हो कर इन पर हमला बोल दिया, जिसमें उनकी हाथों की हड्डियां टूट गई और बाकी जगहों पर भी चोट आई है. उन्होंने बताया कि एक दो बार और ऐसी घटनाएं हो चुकी है. उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि इस पर कार्रवाई होनी चाहिए.
सेक्टर वासियों का फूटा गुस्सा
सेक्टर-24 के प्रधान कमल के नेतृत्व में स्थानीय निवासियों ने नगर निगम और पुलिस प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है. रामेश्वर शर्मा फौजी, इश्वर गोयल, शिवचरण जिंदल और महेंद्र फुलिया जैसे गणमान्य लोगों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद नगर निगम के कान पर जूं नहीं रेंग रही है.
गुस्साए लोगों ने चेतावनी दी है कि यदि अगले 24 घंटों में इन घोड़ों को पकड़कर शहर से बाहर नहीं किया गया और इनके मालिकों के खिलाफ FIR दर्ज नहीं हुई, तो वे नगर निगम कार्यालय का घेराव करेंगे.
Input By : सुमित भारद्वाज



