दिल्ली: गड्ढे में गिरने से युवक की मौत के मामले में कांग्रेस ने सरकार को घेरा, मंत्री का मांगा इस्तीफा

जनकपुरी में दिल्ली जल बोर्ड द्वारा खोदे गए एक खुले गहरे गड्ढे में बाइक सवार 25 वर्षीय कमल की मौत हो गई. रोहिणी से घर लौटते वक्त गुरुवार (5 फरवरी) रात यह हादसा हुआ. जब कमल कैलाशपुरी स्थित अपने घर की ओर जा रहा था. परिवार ने पूरी रात पुलिस थानों के चक्कर काटे, लेकिन सुबह गड्ढे से उसका शव और बाइक बरामद हुई.
25 साल के कमल की मौत के बाद अब कांग्रेस ने दिल्ली की बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला है. दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने इसे सरकारी लापरवाही का साफ सबूत बताते हुए मृतक के परिवार को तुरंत 1 करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की. साथ ही जनकपुरी के विधायक और मंत्री आशीष सूद से तत्काल इस्तीफा मांगा है.
दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही से हुई युवक की मौत- देवेंद्र यादव
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष देवेंद्र यादव ने कहा कि रात के अंधेरे में बाइक सवार सीधे गड्ढे में जा गिरा. बैरिकेडिंग नहीं थी, कोई चेतावनी का निशान नहीं था. यह मौत पूरी तरह दिल्ली जल बोर्ड की लापरवाही से हुई. अगर बैरिकेडिंग लगी होती तो एक जवान की जान नहीं जाती.
उन्होंने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर निशाना साधते हुए कहा कि ‘विकसित दिल्ली’ का ढोल पीटने वाली सरकार में सड़कें गड्ढों से भरी पड़ी हैं. पिछले साल पानी भरे गड्ढों और नालों में 89 मौतें हुईं. सड़क हादसों में 1600 से ज्यादा जानें गईं. 2025 के मानसून में भी 11 लोग मारे गए.
जिम्मेदार अफसरों को बर्खास्त करें सीएम- कांग्रेस
कांग्रेस नेता ने आगे कहा कि नोएडा में युवराज मेहता की मौत से सबक नहीं लिया गया. करोड़ों की परियोजनाओं की घोषणाएं होती हैं, लेकिन जमीन पर हालात बद से बदतर. देवेंद्र यादव ने मांग की कि मुख्यमंत्री तुरंत जिम्मेदार अफसरों को बर्खास्त करें. उच्च स्तरीय जांच करवाएं और मंत्री आशीष सूद का इस्तीफा लें.
ये भी पढ़िए- वैभव सूर्यवंशी ने ठोके 175 रन, गदगद हो गए नीतीश कुमार, बिहार के CM ने दिया ये रिएक्शन



