‘नाली सफाई के लिए भी मोदी जी से पूछना पड़ेगा?’, निजामाबाद में CM रेवंत रेड्डी का सांसद धर्मपुरी पर बड़ा हमला

तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने राज्य के निजामाबाद जिले में शुक्रवार (6 फरवरी, 2026) को भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सांसद धर्मपुरी अरविंद पर जबरदस्त हमला किया है. उन्होंने कहा कि क्या अब गली में पार्षद चुनने या नालियों की सफाई जैसे छोटे-मोटे कामों के लिए भी लोगों को दिल्ली जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से पूछना पड़ेगा? सीएम रेवंत रेड्डी ने आरोप लगाया कि सांसद अपनी नाकामियों को छिपाने के लिए सिर्फ मोदी मंत्र का जाप कर रहे हैं.
निजामाबाद में चुनावी सभा में बोले CM रेवंत रेड्डी
निजामाबाद में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने कहा, ‘इस इलाके की जनता ने 10 साल तक बीआरएस (BRS) और 12 साल तक बीजेपी (BJP) को मौका दिया है. जनता ने धर्मपुरी अरविंद को दो बार संसद भेजा, लेकिन आज वे सिर्फ मोदी जी का नाम लेकर बच रहे हैं. आप 7 साल से सांसद हैं, अपने प्रधानमंत्री के साथ आपके अच्छे संबंध हैं, तो फिर 95 साल पुरानी निजामाबाद नगर पालिका को ‘स्मार्ट सिटी’ का दर्जा दिलवाने में आप क्यों विफल रहे?’
CM रेड्डी ने सांसद पर निष्क्रियता का लगाया आरोप
सीएम रेवंत रेड्डी ने केंद्र सरकार पर भी निशाना साधा. उन्होंने कटाक्ष किया कि आज केंद्र में बीजेपी की सरकार है, प्रधानमंत्री उनके हैं और बंदी संजय और किशन रेड्डी जैसे क्षेत्र के नेता केंद्रीय मंत्री हैं, फिर भी तेलंगाना को उसका हक नहीं मिल रहा. उन्होंने निजामाबाद में एयरपोर्ट के निर्माण में हो रही देरी, हैदराबाद मेट्रो विस्तार और मूसी नदी के पुनरुद्धार के लिए केंद्र की ओर से एक पैसा भी न दिए जाने पर गहरा रोष जताया. उन्होंने रीजनल रिंग रोड (RRR) और आउटर रिंग रोड के लिए फंड न मिलने को लेकर भी सांसद की निष्क्रियता पर सवाल उठाए.
उन्होंने साफ शब्दों में कहा कि जब सांसद ने सात सालों में क्षेत्र के लिए कुछ ठोस नहीं किया, तो अब वोट मांगने का उन्हें कोई हक नहीं बचा है. उन्होंने जनता से पूछा कि जब आउटर रिंग रोड के लिए फंड लाने की बात आती है, तो क्या राज्य सरकार ने कभी मना किया है? जनता अब हिसाब मांग रही है और बिना काम किए सिर्फ नामों से चुनाव जीतने का दौर अब खत्म हो चुका है.
यह भी पढ़ेंः ‘तेलंगाना को बीते 12 साल में मिले 12 लाख करोड़, लेकिन…’, हैदराबाद में बोले केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद जोशी



