राज्य

परीक्षा पे चर्चा: ‘मार्कशीट नहीं, आत्मविश्वास असली ताकत’, बोले दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद

दिल्ली के शिक्षा मंत्री आशीष सूद ने शुक्रवार (6 फरवरी) को ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ कार्यक्रम के तहत विद्यार्थियों से संवाद किया. मोती बाग स्थित सीएम श्री स्कूल (नानकपुरा) में आयोजित इस कार्यक्रम में उन्होंने छात्रों को परीक्षा के तनाव से मुक्त रहने और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने का मंत्र दिया. कार्यक्रम के दौरान शिक्षा मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा विद्यार्थियों के लिए आयोजित ‘परीक्षा पे चर्चा 2026’ के लाइव प्रसारण को छात्रों के साथ बैठकर देखा. इसके पश्चात उन्होंने विद्यार्थियों से सीधा संवाद करते हुए कहा कि परीक्षाओं को डर के रूप में नहीं, बल्कि एक उत्सव की तरह लिया जाना चाहिए.

सफलता के लिए ‘टाइम मैनेजमेंट’ और ‘संतुलन’ जरूरी

आशीष सूद ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि जीवन में समय का सही प्रबंधन (Time Management) ही सफलता की सबसे बड़ी कुंजी है. उन्होंने विद्यार्थियों को सलाह दी कि वे अपना लक्ष्य तय करें और निरंतर मेहनत करें. पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद और अन्य गतिविधियों में भी भाग लें. रोजाना की योजना बनाने के लिए ‘टू-डू लिस्ट’ (To-Do List) तैयार करें.

मार्कशीट नहीं, माइंडसेट है असली ताकत

परीक्षा के तनाव पर चर्चा करते हुए शिक्षा मंत्री ने एक महत्वपूर्ण संदेश दिया. उन्होंने कहा, “मार्कशीट आपकी पहचान नहीं होती, बल्कि आपका माइंडसेट और आत्मविश्वास ही आपकी असली ताकत है.” उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल दसवीं या बारहवीं के अंकों को ही जीवन की सफलता का पैमाना मानना गलत है. करियर के दौरान अक्सर अंकों से ज्यादा व्यक्ति की सोच और समझ को महत्व दिया जाता है.

हर प्रतिभा की समाज में जरूरत

शिक्षा मंत्री ने करियर के विविध विकल्पों पर जोर देते हुए कहा कि देश को केवल डॉक्टर और इंजीनियर ही नहीं, बल्कि लेखक, कलाकार, वैज्ञानिक, कोडर और विचारक भी चाहिए. उन्होंने छात्रों से अपील की कि वे दूसरों से तुलना करने और सोशल मीडिया के दबाव से दूर रहकर अपनी क्षमताओं पर भरोसा रखें.

कार्यक्रम के अंत में उन्होंने एक अभिभावक के रूप में सभी विद्यार्थियों को आगामी परीक्षाओं के लिए शुभकामनाएं दीं और निडर होकर परीक्षा देने के लिए प्रोत्साहित किया.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!