झांसी: भांजी की शादी में मातम, शादी में दुल्हन को गिफ्ट देने जा रहे मामा की दिल का दौरा पड़ने से मौत

उत्तर प्रदेश: झांसी के रक्सा थाना क्षेत्र से एक दर्दनाक खबर सामने आई है, जहां शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं जब समारोह में शामिल होने आए दुल्हन के मामा की अचानक शादी पंडाल में ही मौत हो गई. माना जा रहा है कि स्टेज की ओर जाते समय उन्हें दिल का दौरा पड़ा. पूरी घटना मैरिज गार्डन में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.
शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी हरिमोहन सेन (62) अपनी मुंह बोली बहन की बेटी की शादी में शामिल होने रक्सा थाना क्षेत्र के डेली गांव स्थित मैरिज गार्डन पहुंचे थे. बताया जा रहा है कि वह थैले में भांजी के लिए साड़ी लेकर स्टेज की ओर गिफ्ट देने जा रहे थे, तभी अचानक वह कुर्सियों पर गिर पड़े.
शुरुआत में किसी का नहीं गया ध्यान
शुरुआत में शादी की व्यस्तता के चलते किसी का ध्यान उन पर नहीं गया. जब लोगों ने देखा कि वह कुर्सियों पर गिरे हुए हैं और हिल नहीं रहे हैं, तब तक काफी समय बीत चुका था. बाद में देखा तो लोगों ने CPR दिया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी. हरिमोहन सेन को तत्काल बचाने की कोशिश की गई लेकिन वह सांसें वापस नहीं आईं. परिजनों में कोहराम मच गया और खुशी का माहौल एकदम से मातम में बदल गया.
सूचना मिलने पर 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
पूरी घटना CCTV में कैद
पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है. वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि किस तरह हरिमोहन सेन थैला लेकर स्टेज की ओर जा रहे थे और अचानक कुर्सियों पर गिर गए. परिवार वालों ने शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया. उनका मानना है कि हरिमोहन सेन की मौत हार्ट अटैक से हुई है और पोस्टमार्टम की कोई आवश्यकता नहीं है. पुलिस ने परिवार की इच्छा का सम्मान करते हुए शव परिजनों को सौंप दिया.
शादी का माहौल हो गया मातमी
यह घटना बताती है कि जीवन कितना अनिश्चित है. जो व्यक्ति अपनी भांजी की खुशियों में शामिल होने आया था, वह खुद ही इस दुनिया से विदा हो गया. शादी का पूरा माहौल मातमी हो गया और दुल्हन की खुशियां आंसुओं में बदल गईं. डॉक्टरों का कहना है कि अचानक हार्ट अटैक की ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं. खासकर वरिष्ठ नागरिकों को अपने स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखना चाहिए और नियमित चेकअप कराना चाहिए.
Input By : पुष्पेंद्र सिंह यादव



