Maharashtra: सरकारी आदेश पर सुनेत्रा पवार को मिला देवगिरि बंगला, जहां से अजित पवार चलाते थे सत्ता!

महाराष्ट्र की उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार को मुंबई के मालाबार हिल स्थित ‘देवगिरि’ बंगला आधिकारिक आवास के रूप में आवंटित कर दिया गया है. यह आवंटन महाराष्ट्र सरकार के सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा जारी आदेश के तहत किया गया है. यह फैसला हाल ही में उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद लिया गया है.
बता दें कि देवगिरि बंगले का राजनीतिक महत्व पहले से ही खास रहा है, क्योंकि दिवंगत डिप्टी सीएम अजित पवार ने अपने लंबे कार्यकाल के दौरान इसी बंगले में निवास किया था. वह उपमुख्यमंत्री और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष दोनों भूमिकाओं में यहां रहे और अब आधिकारिक रूप से यह बंगला सुनेत्रा पवार के नाम दर्ज कर दिया गया है.
सुनेत्रा पवार के पास कौन कौन से विभाग?
पिछले सप्ताह पुणे जिले के बारामती में हुई विमान दुर्घटना में अजित पवार के निधन के बाद सुनेत्रा पवार ने उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ली. अजित पवार के पास वित्त, राज्य उत्पाद शुल्क, खेल और अल्पसंख्यक कल्याण विभागों का प्रभार था. वह पुणे और बीड जिलों के प्रभारी मंत्री भी थे. सूत्रों के अनुसार, सुनेत्रा पवार को भी इन दोनों जिलों का प्रभारी मंत्री नियुक्त किया गया है. उन्हें आबकारी, खेल और अल्पसंख्यक कल्याण विभाग सौंपे गए हैं, जबकि वित्त मंत्रालय का प्रभार मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के पास रहेगा.
बारामती से लड़ सकती है विधानसभा चुनाव!
महाराष्ट्र की पहली महिला उपमुख्यमंत्री के रूप में सुनेत्रा पवार ने 31 जनवरी को शपथ ली, जो राज्य की राजनीति में एक ऐतिहासिक क्षण माना जा रहा है. उन्हें आबकारी, खेल, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ विभाग दिए गए हैं, जबकि वित्त और योजना विभाग नहीं सौंपे गए. उन्होंने राज्यसभा सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है और फिलहाल विधानसभा के किसी सदन की सदस्य नहीं हैं. माना जा रहा है कि वह अपने दिवंगत पति द्वारा प्रतिनिधित्व की गई बारामती विधानसभा सीट के उपचुनाव में चुनाव लड़ सकती हैं.



