रोहित शेट्टी के घर पर फायरिंग मामले में बड़ा खुलासा, बिश्नोई गैंग ने रेकी से लेकर फरारी तक बनाया था प्लान

बॉलीवुड के मशहूर डायरेक्टर और प्रोड्यूसर रोहित शेट्टी के घर के बाहर हुई फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे साजिश की परतें खुलती जा रही हैं. जांच में सामने आया है कि कथित तौर पर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़े आरोपियों ने फायरिंग से पहले जुहू इलाके और रोहित शेट्टी के घर की कई दिनों तक रेकी की थी. पुलिस के मुताबिक, हमले की योजना अचानक नहीं बनाई गई थी, बल्कि इसके पीछे पूरी तैयारी और प्लानिंग थी.
जांच में यह भी सामने आया है कि जिस स्कूटर का इस्तेमाल फायरिंग के दौरान किया गया, उसी स्कूटर से पहले रेकी की गई थी. इसका मकसद साफ था, हमले के बाद आसानी से फरार होना.
घटना वाले दिन शूटर ने रोहित शेट्टी के घर के बाहर पांच राउंड फायरिंग की और फिर स्कूटर से मौके से भाग निकला. इसके बाद वह विले पार्ले रेलवे स्टेशन पहुंचा, वहां स्कूटर छोड़ दिया और ट्रेन से मुंबई से बाहर फरार हो गया.
पुणे से खरीदा गया स्कूटर
क्राइम ब्रांच की जांच में पता चला है कि फायरिंग में इस्तेमाल किया गया स्कूटर (MH 12 FN 2205) पुणे से 30 हजार रुपये में खरीदा गया था. इस स्कूटर की खरीद के लिए पैसे मास्टरमाइंड शुभम लोनकर ने दिए थे.
स्कूटर असल में आनंद मारोटे के नाम पर रजिस्टर्ड था, जिसने इसे साल 2009 में खरीदा था. घटना से करीब 12 दिन पहले मारोटे ने यह स्कूटर आरोपी आदित्य गायकवाड़ को बेच दिया था.
लोनावाला से मुंबई तक पहुंचा स्कूटर
पुलिस के अनुसार, समर्थ पोमाजी के निर्देश पर सिद्धार्थ येनपुरे और स्वप्निल सकट स्कूटर को पुणे से सड़क के रास्ते लोनावाला लेकर आए थे. लेकिन जब शूटर लोनावाला नहीं पहुंच सका, तो करीब 10 दिन पहले स्कूटर को मुंबई लाकर सीधे अनजान शूटर को सौंप दिया गया. इसके बदले आरोपियों को अतिरिक्त पैसे भी दिए गए.
जांचकर्ताओं का कहना है कि समर्थ पोमाजी ने इस साजिश में सक्रिय भूमिका निभाई. वह लगातार शुभम लोनकर के संपर्क में था और सिग्नल ऐप के जरिए उससे बातचीत करता था.
पुलिस के मुताबिक, समर्थ को पता था कि वह एक आपराधिक साजिश का हिस्सा है, हालांकि उसे यह नहीं मालूम था कि टारगेट किसका घर है. बावजूद इसके, उसने पूरे प्लान को अंजाम देने में अहम योगदान दिया.
मुंबई क्राइम ब्रांच इस मामले में हर कड़ी को जोड़ने की कोशिश कर रही है. पुलिस का कहना है कि आने वाले दिनों में इस केस से जुड़े और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं.



