राज्य

पंजाब: गणतंत्र दिवस से पहले फतेहगढ़ साहिब में रेलवे ट्रैक पर विस्फोट, मालगाड़ी का लोको पायलट घायल

पंजाब के फतेहगढ़ साहिब जिला में शुक्रवार रात (23 जनवरी) उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सरहिंद रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ट्रैक के एक हिस्से पर मामूली विस्फोट हुआ. इस घटना में मालगाड़ी का लोको पायलट घायल हो गया, जबकि ट्रेन के इंजन को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है. पुलिस ने शनिवार (24 जनवरी) को इस बारे में जानकारी दी.

खानपुर गांव के पास हुआ धमाका

राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) के एक अधिकारी के मुताबिक, यह घटना शुक्रवार रात करीब पौने 10 बजे हुई. मालगाड़ी सरहिंद स्टेशन से 4-5 किलोमीटर दूर स्थित खानपुर गांव के पास से गुजर रही थी. जिस ट्रैक पर विस्फोट हुआ, वह खास तौर पर मालगाड़ियों के संचालन के लिए इस्तेमाल किया जाता है.

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे रोपड़ रेंज के पुलिस उप महानिरीक्षक नानक सिंह ने बताया, “बीती रात एक मामूली विस्फोट की सूचना मिली थी. कई जांच दल मौके पर पहुंच चुके हैं और विभिन्न एजेंसियों के बीच समन्वय किया जा रहा है. हम अपनी विशेष टीम भेजने वाली अन्य एजेंसियों के संपर्क में हैं.”

कोई जनहानि नहीं, लोको पायलट सुरक्षित

डीआईजी ने साफ किया कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई है और न ही बड़े पैमाने पर संपत्ति को नुकसान हुआ है. उन्होंने कहा, “लोको पायलट के चेहरे पर मामूली चोट आई है और वह खतरे से बाहर है. ट्रेन के इंजन को भी कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ है.”

उन्होंने यह भी बताया कि रेलवे ट्रैक को गंभीर क्षति नहीं पहुंची है और जल्द ही इसे ट्रेनों के संचालन के लिए बहाल कर दिया जाएगा.

आतंकी एंगल से किया इनकार

विस्फोट की प्रकृति को लेकर डीआईजी ने कहा कि जांच अभी शुरुआती दौर में है और फिलहाल कुछ भी कहना जल्दबाजी होगी. उन्होंने इसे मामूली विस्फोट और आपराधिक गतिविधि बताते हुए कहा कि यह कुछ असामाजिक तत्वों की हरकत लगती है. आतंकी पहलू से जुड़े सवाल पर उन्होंने कहा कि इस स्तर पर ऐसा कहना ठीक नहीं होगा और जांच आगे बढ़ने पर सारी तस्वीर साफ होगी.

विस्फोट के बाद खानपुर गांव में दहशत का माहौल है. एक ग्रामीण ने दावा किया कि शुक्रवार रात पूरे गांव में तेज धमाके की आवाज सुनाई दी. वहीं, राजकीय रेलवे अधिकारियों ने बताया कि मामले में रेलवे अधिनियम की धारा 150 के तहत केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस ने भरोसा जताया है कि दोषियों को जल्द पकड़ लिया जाएगा.

Input By : बिपिन

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!