Punjab: लुधियाना के मशहूर कारोबारी के बेटे को मारी गोली, सड़क पर खून से लथपथ मिली लाश

Punjab News: पंजाब के लुधियाना के गांव तलवाड़ा के पास एक एमबीए छात्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई. उसके पेट में गोली लगी थी. हमलावर गोलीबारी के बाद भाग गया. युवक को सड़क पर खून से लथपथ पड़ा देख आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को डीएमसी अस्पताल ले गई, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई. मौके पर पहुंचे पारिवारिक सदस्यों ने उसके दोस्त पर उनके बेटे की हत्या का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा कि युवक उसे घर से बहला-फुसलाकर ले गया था. फिर उन्हें उनके बेटे की मौत की खबर मिली.
फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पोस्टमार्टम आज किया जाएगा. इस दौरान परिवार की शिकायत के आधार पर पुलिस ने युवक के दोस्त के खिलाफ एफआईआर भी दर्ज कर ली है. आरोपी फरार बताया जा रहा है और उसे गिरफ्तार करने की कोशिशें जारी हैं.
माता-पिता का इकलौता था बेटा
मृतक की पहचान 25 साल के राजवीर सिंह खैरा के रूप में हुई है, जो कि गांव थरीके जगजीत नगर का रहने वाला था. राजवीर का परिवार एक व्यवसायी परिवार है. उनकी पहले मोगा में इंडिया मोटर्स ऑटो एजेंसी थी. वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था और एमबीए कर रहा था. परिवार के मुताबिक, राजवीर को गुरुवार देर शाम एक दोस्त घर से बुलाकर ले गया था. जाते समय, राजवीर ने कहा था कि वह एक दोस्त के साथ जा रहा है.
गांव तलवाड़ा में गोली मारी गई
पीएयू पुलिस स्टेशन के एसएचओ विजय कुमार ने घटना की पुष्टि की. एसएचओ ने बताया कि तलवाड़ा गांव के निवासियों ने एक युवक को सड़क पर खून से लथपथ पड़े होने की सूचना दी. उसे गोली मार दी गई थी. हमलावर भाग गए थे. सूचना मिलने पर, पुलिस मौके पर पहुंची और उसे डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया.
पेट में गोली लगी, इलाज के दौरान मौत हो गई
एसएचओ विजय कुमार ने बताया कि युवक, राजवीर, के पेट में गोली लगी थी. उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई. युवक की पहचान होने के बाद, उसके परिवार को सूचित किया गया. जब परिवार अस्पताल पहुंचा, तो उनसे घटना के बारे में पूछा गया. पारिवारिक सदस्यों ने बताया कि राजबीर अपने दोस्त जुगराज सिंह के साथ तलवाड़ा गांव गया था. उन्हें कत्ल का शक था.
पुलिस ने दोस्त के खिलाफ एफआईआर दर्ज की
एसएचओ विजय ने बताया कि पीएयू पुलिस ने मृतक राजबीर के दोस्त, जुगराज सिंह, जो कि पमाल गांव का रहने वाला है, के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है. उसे गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है. आरोपी की गिरफ्तारी के बाद राजबीर के कत्ल का कारण पता चलेगा.



