राज्य

दावोस: महाराष्ट्र ने किए 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते, 40 लाख लोगों को रोजगार का टारगेट

दावोस में आयोजित वर्ल्ड इकोनॉमिक फोरम में महाराष्ट्र ने 30 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौते किए हैं और अतिरिक्त 10 लाख करोड़ रुपये के निवेश समझौतों पर प्रारंभिक बातचीत पूरी हो चुकी है. इससे 40 लाख रोजगार सृजित करने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा. ये जानकारी मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गुरुवार (22 जनवरी) को पत्रकारों को दी.

महाराष्ट्र के पत्रकारों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संवाद करते हुए सीएम देवेंद्र फडणवीस ने बताया कि इन समझौतों में 83 प्रतिशत प्रत्यक्ष विदेशी निवेश के हैं और कुल 18 देशों से महाराष्ट्र में निवेश आ रहा है. उन्होंने बताया, ”16 प्रतिशत निवेश विदेशी तकनीकी साझेदारी के माध्यम से है. इन 18 देशों में अमेरिका, इंग्लैंड, सिंगापुर, जापान, स्विट्ज़रलैंड, स्वीडन, नीदरलैंड, नॉर्वे, इटली, जर्मनी, फ्रांस, ऑस्ट्रिया, यूएई, स्पेन, कनाडा, बेल्जियम आदि शामिल हैं.”

  • 83 प्रतिशत समझौतों में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (FDI)
  • कुल 18 देशों से महाराष्ट्र में निवेश
  • 40 लाख रोजगार सृजन का लक्ष्य
  • देश की पहली इनोवेशन सिटी मुंबई के निकट
  • मुंबई में सर्क्युलर इकोनॉमी का विकास

पिछले साल किए गए समझौते 75 फीसदी तक लागू- CM

उन्होंने आगे जानकारी देते हुए कहा, ”औद्योगिक, सेवा, कृषि और प्रौद्योगिकी सहित सभी क्षेत्रों में यह निवेश आ रहा है. समझौता ज्ञापनों के वास्तविक क्रियान्वयन की दर 75 प्रतिशत है. पिछले वर्ष किए गए समझौते भी 75 प्रतिशत तक वास्तविक रूप से लागू हो चुके हैं. यह निवेश 3 से 7 वर्षों में वास्तविक रूप से सामने आता है. 

किन-किन कंपनियों के साथ हुए समझौते?

सीएम ने ये भी बताया कि एसबीजी, ब्रुकफील्ड, आर्सेलर मित्तल, फिनमैन ग्लोबल, इस्सार, स्कोडा ऑटो, फॉक्सवैगन, एसटीटी टेलिमीडिया, टाटा, अडानी, रिलायंस, जेबीएल, कोका-कोला, बॉश, कैपिटल लैंड, आयरन माउंटेन जैसी अनेक कंपनियों के साथ ये समझौते हुए हैं. कुछ समूह भारतीय हैं, लेकिन उनकी लगभग 165 देशों में निवेश मौजूद है. क्वांटम कंप्यूटिंग, एआई, जीसीसी, डेटा सेंटर्स, स्वास्थ्य, खाद्य प्रसंस्करण, ग्रीन स्टील, शहरी विकास, जहाज निर्माण, फिनटेक, लॉजिस्टिक्स, डिजिटल इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे सभी क्षेत्रों में निवेश आया है.

महाराष्ट्र में कहां कितना होगा निवेश?

कोंकण और एमएमआर में 22 प्रतिशत, विदर्भ में 13 प्रतिशत तथा राज्य के अन्य हिस्सों में 50 प्रतिशत निवेश है. उत्तर महाराष्ट्र में नाशिक, जलगांव, धुले, अहिल्यानगर जैसे क्षेत्रों में 50 हजार करोड़ रुपये, मराठवाड़ा में छत्रपति संभाजीनगर में 55 हजार करोड़ रुपये, कोकण क्षेत्र में 3 लाख 50 हजार करोड़ रुपये, तथा नागपुर और विदर्भ में 2 लाख 70 हजार करोड़ रुपये का निवेश प्रमुख रूप से शामिल है. जायका, जेबीआईसी, यूनिवर्सिटी ऑफ बर्कले, यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, स्टैनफोर्ड यूनिवर्सिटी के स्टैनफोर्ड बायोडिज़ाइन जैसे कई संस्थानों के साथ संस्थागत समझौते भी किए गए हैं.

देश की पहली इनोवेशन सिटी होगी विकसित- देवेंद्र फडणवीस

सीएम ने जानकारी देते हुए आगे कहा, ”टाटा समूह के साथ मिलकर देश की पहली इनोवेशन सिटी मुंबई के पास विकसित की जाएगी. अगले 6 से 8 महीनों में इसका विस्तृत नियोजन किया जाएगा. यह अवधारणा पिछले वर्ष ही दावोस में सामने आई थी. टाटा सन्स के एन. चंद्रशेखरन के साथ इस विषय पर चर्चा हुई है. इसके लिए टाटा समूह 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का निवेश करेगा. अन्य देशों के निवेशक भी इसमें निवेश करेंगे.”

मुंबई में सर्क्युलर इकोनॉमी का विकास- देवेंद्र फडणवीस

मुंबई में सर्क्युलर इकोनॉमी विकसित की जाएगी, जिससे पानी और हवा से जुड़े मुद्दों का समाधान किया जाएगा. सभी प्रकार के कचरे के प्रसंस्करण पर जोर दिया जाएगा. आगे चलकर यही अवधारणा अन्य बड़े शहरों में भी लागू की जाएगी. अगले 2 से 3 वर्षों में मुंबई में इसके परिणाम दिखाई देंगे. रायगढ़–पेण ग्रोथ सेंटर की घोषणा भी इसी दावोस में की गई. इस ग्रोथ सेंटर से एक बिज़नेस डिस्ट्रिक्ट विकसित होगा, जिसमें कल ही 1 लाख करोड़ रुपये का निवेश आया है.

अन्य मुलाकातें

  • जिम्बाब्वे के विदेश मामलों और अंतरराष्ट्रीय व्यापार मंत्री प्रो. एमोन मुरवीरा ने एक सम्मेलन में महाराष्ट्र की सौर ऊर्जा क्षेत्र में प्रगति की खुलकर तारीफ की. इस सम्मेलन में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय मंत्री प्रल्हाद जोशी उपस्थित थे.
  • एलन ट्यूरिंग इंस्टीट्यूट के मिशन निदेशक एडम सोबे से मुख्यमंत्री ने मुलाकात कर परिवहन क्षेत्र पर चर्चा की. कार्बन उत्सर्जन कम कर स्वच्छ और भविष्य की आवश्यकताओं को पूरा करने वाले उपायों पर विचार-विमर्श हुआ.
  • अरुप समूह की अध्यक्ष हिल्डे टोन के साथ शहरी विकास के विभिन्न पहलुओं पर तथा इंडो–इटालियन चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री के एलेसेंड्रो गुइलानी के साथ आपसी सहयोग बढ़ाने पर चर्चा की गई.

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!