राज्य

बिहार: सुपौल में दूल्हे की एक गलती से टूटा विवाह, कई रस्मों के बाद दुल्हन ने किया शादी से इनकार

बिहार के सुपौल में बुधवार (21 जनवरी, 2026) को दुल्हन के दरवाजे पर बारात पहुंची लेकिन शादी नहीं हो पाई. दूल्हे की हरकत देख दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया. पूरा मामला सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र का है. दूल्हा नशे की हालत में शादी करने पहुंचा था. इसी गलती ने उसकी शादी तोड़ दी. मिरजावा पंचायत के वार्ड नंबर 15 के अंतर्गत ठाकुर टोला में आयोजित शादी की खुशियां पलभर में हंगामे और तनाव में तब्दील हो गईं.

कटिहार से आई थी बारात

बताया जाता है कि कटिहार के फलका निवासी राजेश कुमार की शादी नेहा कुमारी से होनी थी. ऐसे में पूरी तैयारी के साथ बारात कटिहार से पहुंची. शुरुआत में रस्में सामान्य रूप से चल रही थीं. तालियों की गूंज के बीच वरमाला की रस्म भी पूरी कराई गई, लेकिन जैसे ही दूल्हे को मंडप पर बैठाया गया यहां उसकी पोल खुल गई. 

दूल्हे की हरकत और व्यवहार से लड़की को एहसास हो गया कि लड़का नशे की हालत में है. दूल्हे की स्थिति देखकर दुल्हन नेहा कुमारी, परिजन, पुरोहित और मौके पर मौजूद ग्रामीण स्तब्ध रह गए. हालात को समझते हुए दुल्हन ने बिना किसी दबाव में आए शादी से इनकार कर दिया और मंडप छोड़ दिया. 

रकम वापस करने पर शांत हुआ मामला

दुल्हन के इस फैसले के बाद माहौल पूरी तरह गरमा गया. स्थिति को बिगड़ता देख ज्यादातर बराती मौके से खिसक गए. दूल्हा और उसके पिता के साथ कुछ गाड़ी को ग्रामीणों ने घेर लिया. दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक हुई. इसके बाद गुरुवार की शाम दूल्हे के परिजनों द्वारा उपहार में मिली रकम वापस करने पर मामला शांत हुआ. इसके बाद ग्रामीणों ने दूल्हा और उसके पिता को सम्मानपूर्वक विदा किया. 

ग्रामीणों का कहना है कि दुल्हन ने अपने भविष्य को ध्यान में रखते हुए साहसिक कदम उठाया है. उन्होंने महिला सशक्तिकरण की मिसाल पेश करते हुए नशेड़ी दूल्हे से शादी करने से इनकार कर दिया, जिसकी क्षेत्र में जमकर सराहना हो रही है. हालांकि हैरानी की बात यह रही कि इतना बड़ा मामला स्थानीय पुलिस तक नहीं पहुंचा.

यह भी पढ़ें- व्यस्त आ रहा था विभाग का टोल-फ्री नंबर… सीधे कॉल सेंटर पहुंचे मंत्री विजय सिन्हा, लगा दी क्लास

AZMI DESK

Related Articles

Back to top button
WhatsApp Join Group!