तलाक मामले में पति प्रतीक के खिलाफ महिला आयोग में शिकायत करेंगी अपर्णा यादव? अध्यक्ष ने बताया

समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के छोटे भाई प्रतीक यादव ने हाल ही में सार्वजनिक मंच से जानकारी दी है कि वह अपनी पत्नी और बीजेपी नेता अपर्णा यादव को तलाक देना चाहते हैं. प्रतीक यादव ने अपर्णा को ‘स्वार्थी’ और ‘झूठी’ करार देते हुए उनसे अलग होने की बात कही है, जिसको लेकर यादव परिवार में तो टेंशन है ही, साथ ही यूपी का सियासी पारा बढ़ा हुआ है.
अपर्णा यादव यूपी महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं. ऐसे में कयास लगाए जा रहे थे कि वह तलाक का मुद्दा महिला आयोग तक लेकर जा सकती हैं. इस बीच उत्तर प्रदेश महिला आयोग की अध्यक्ष बबीता सिंह चौहान ने जानकार दी है कि अपर्णा यादव इस मुद्दे को लेकर आयोग के पास नहीं आई हैं.
‘महिलाओं के लिए बड़े निर्णय करती हैं अपर्णा, अपने लिए भी कर लेंगी’
साथ ही, बबीता सिंह चौहान ने कहा कि अपर्णा खुद ही सक्षम हैं, वह अपना निजी मामला खुद संभाल लेंगी, उन्हें महिला आयोग के पास आने की जरूरत नहीं हैं. वह खुद ही इस आयोग की उपाध्यक्ष हैं और बड़े-बड़े फैसले लेती हैं. अपने निजी फैसले भी वह खुद ले लेंगी.
हाल ही में हुई महिला आयोग की बैठक पर बबीता सिंह ने कहा कि यह मीटिंग हर महीने होती है. इसका उद्देश्य महीने भर हुए काम की समीक्षा करना होता है. साथ ही, आने वाले समय में महिलाओं के भले के लिए क्या योजनाएं बनाई जा सकें इसपर चर्चा होती है.
प्रतीक यादव ने क्यों किया तलाक का ऐलान?
मुलायम सिंह याद के परिवार में यह जो नया संग्राम छिड़ गया है, उसपर पूरे यूपी की नजर है. प्रतीक यादव ने इंस्टाग्राम पोस्ट के जरिए अपनी पत्नी अपर्णा यादव ने तलाक लेने की बात कही है. उन्होंने यह तक कह दिया कि वह जल्द से जल्द इस रिश्ते को खत्म करना चाहते हैं. प्रतीक यादव का आरोप है के अपर्णा अपने परिवार से ज्यादा अपनी खुद की प्रसिद्धि पर ध्यान देती हैं.
प्रतीक यादव ने दावा किया कि वह इस समय बेहद खराब मानसिक स्थिति में हैं, लेकिन उनकी पत्नी अपर्णा ने कभी इस बात पर ध्यान नहीं दिया. उन्होंने यह भी कहा कि अपर्णा यादव केवल अपने बारे में सोचती हैं और उनके हालात समझने की कभी कोशिश नहीं करतीं. प्रतीक यादव ने यह तक कह दिया कि वे यह शादी कर के अफसोस में हैं. उन्होंने अपर्णा को ‘परिवार तोड़ने वाला’ बताया था.



